एआरबी टाइम्स ब्यूरो | बिलासपुर
हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले की कोट पंचायत में वीरवार को आयोजित सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम के दौरान सरकारी तंत्र में व्याप्त भ्रष्टाचार का मामला सामने आया। कार्यक्रम में मौजूद तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी के सामने एक फरियादी ने खुले मंच से राजस्व विभाग के कर्मचारियों पर जमीन की तकसीम के बदले शराब और मीट मांगने का गंभीर आरोप लगाया।
बिलासपुर के ब्रह्मली गांव निवासी सीता राम ने बताया कि वह दिहाड़ी मजदूरी कर परिवार का गुजारा करता है। लंबे समय से अपनी पुश्तैनी जमीन की तकसीम के लिए वह राजस्व विभाग के चक्कर काट रहा है, लेकिन कर्मचारी कथित तौर पर काम के बदले अवैध मांग कर रहे हैं। मांग पूरी न होने पर उसका मामला जानबूझकर लटकाया जा रहा है। जमीन का बंटवारा न होने के कारण वह अपने घर में शौचालय तक का निर्माण नहीं कर पा रहा।
मंत्री ने जांच के दिए आदेश, बोले – दोषी कर्मियों पर होगी सख्त कार्रवाई
फरियादी की पीड़ा सुनकर मंत्री राजेश धर्माणी ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने अधिकारियों को मौके पर ही फटकार लगाते हुए कहा कि इस तरह की मांग न केवल भ्रष्टाचार है, बल्कि गरीबों के साथ अन्याय भी है। मंत्री ने उपायुक्त (डीसी) बिलासपुर को मामले की निष्पक्ष और विस्तृत जांच के आदेश दिए। मंत्री ने स्पष्ट किया कि यदि जांच में आरोप सही पाए गए तो दोषी कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने प्रशासन को निर्देश दिए कि जिले में लंबित पड़े जमीन तकसीम के मामलों का समयबद्ध समाधान किया जाए, ताकि आम लोगों को बार-बार दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें।
मैरा कोट में सड़क निर्माण को 10 लाख, एक हफ्ते में नल लगाने के निर्देश
तकनीकी शिक्षा मंत्री ने ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम के तहत कोट ग्राम पंचायत में लोगों की जनसमस्याएं सुनीं। उन्होंने मैरा कोट गांव की मांग पर सड़क निर्माण, पुलिया और कल्वर्ट आदि विकास कार्यों के लिए 10 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की। वहीं, अनुसूचित जाति बस्ती कोट में सड़क निर्माण के लिए दो लाख रुपये स्वीकृत किए गए। मंत्री ने कहा कि गांववासियों द्वारा भूमि संबंधी सहमति बनते ही सड़क निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान कोट निवासी मनोरमा देवी ने मकान निर्माण से जुड़ा मामला उठाया, जिस पर मंत्री ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को मुख्यमंत्री आवास योजना के अंतर्गत आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
कोट रठोआ क्षेत्र के लोगों ने पेयजल समस्या का मुद्दा उठाया। इस पर मंत्री ने जल शक्ति विभाग के अधिकारियों को मौके पर जाकर निरीक्षण करने तथा समस्या का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने एक सप्ताह के भीतर नल कनेक्शन लगाने के निर्देश भी दिए। धर्माणी ने लवाणा बस्ती कोट के लिए एंबुलेंस मार्ग निर्माण की मांग पर आठ लाख रुपये देने की घोषणा की। वहीं बल्ही गांववासियों द्वारा पुल निर्माण की मांग रखे जाने पर संबंधित विभाग को शीघ्र प्राक्कलन तैयार करने के निर्देश दिए गए।
