एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
जिला शिमला के रामपुर उपमंडल की ग्राम पंचायत भड़ावली में ग्राम सभा की बैठक आयोजित की गई, जिसमें ग्राम सभा का कोरम पूर्ण रूप से पूरा हुआ। बैठक में पिछली बैठक की कार्रवाई, नशा मुक्ति, टीडी प्रदान करने तथा संपूर्ण स्वच्छता अभियान जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक का मुख्य और विशेष मुद्दा क्षेत्र में संचालित राजपुरा जल विद्युत परियोजना को एनओसी देने को लेकर रहा। ग्राम सभा में उपस्थित सभी ग्रामीणों ने एकमत से निर्णय लिया कि परियोजना को किसी भी स्थिति में एनओसी नहीं दी जाएगी। इस संबंध में ध्वनिमत से प्रस्ताव पारित किया गया। ग्रामीणों का कहना है कि परियोजना से प्रभावित क्षेत्र के लोगों को आज तक न तो रोजगार उपलब्ध कराया गया और न ही परियोजना शर्तों के अनुसार कोई सामाजिक, सांस्कृतिक कार्यक्रम अथवा खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इसके अलावा प्रभावित क्षेत्र के लिए निर्धारित लाडा फंड की राशि भी कई वर्षों से जारी नहीं की गई है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि परियोजना प्रबंधन वर्षों से पंचायत की एनओसी के बिना ही नियमों के विपरीत कार्य कर रहा है। विकास के नाम पर पंचायत क्षेत्र में आज तक कोई ठोस कार्य नहीं हुआ है। साथ ही विद्युत उत्पादन से मिलने वाली एक प्रतिशत राशि का भुगतान भी ग्रामीणों को नहीं किया गया।
ग्राम सभा के दौरान ग्रामीणों ने परियोजना प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अपना रोष प्रकट किया। ग्रामीणों का आरोप है कि रोजगार देने के बजाय परियोजना प्रबंधन प्रभावित युवाओं को डराने-धमकाने का प्रयास कर रहा है तथा उनके खिलाफ झूठे मुकदमे दर्ज करवाए जा रहे हैं, जिससे कई युवा न्यायालयों के चक्कर काटने को मजबूर हैं।
पंचायत प्रधान रक्षा देवी ने बताया कि ग्राम सभा में राजपुरा जल विद्युत परियोजना को एनओसी देने के विरोध में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया गया है। ग्रामीणों की समस्याओं को आगामी सोमवार को एसडीएम रामपुर के समक्ष रखा जाएगा। बैठक के दौरान नशा निवारण और स्वच्छता को लेकर भी ग्रामीणों को जागरूक किया गया।
