एआरबी टाइम्स ब्यूरो, कुल्लू
जिला कुल्लू के पुलिस थाना निरमंड के अंतर्गत बीते दिन ग्राम पंचायत शिल्ली के बशला गांव में पाकिस्तान मार्का का एक गुब्बारा मिलने से क्षेत्र में चर्चा का विषय बना रहा। पंचायत प्रधान द्वारा इसकी सूचना पुलिस को दी गई। प्रधान ने बताया कि यह गुब्बारा पंचायत क्षेत्र के बशला गांव में मिला है।
सूचना मिलते ही पुलिस चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके के लिए रवाना हुए और बताए गए स्थान पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। मौके से एक पीले रंग का गुब्बारा बरामद किया गया, जिस पर “SGA PAKISTAN INTERNATIONAL AIRLINES” अंकित पाया गया। प्रथम दृष्टया यह वस्तु किसी हवाई उपकरण से संबंधित प्रतीत हो रही थी, जिससे स्थानीय ग्रामीणों में कौतूहल के साथ-साथ कुछ हद तक आशंका का माहौल बन गया था।
पुलिस ने सुरक्षा की दृष्टि से गुब्बारे की गहनता से जांच की। जांच के दौरान यह सुनिश्चित किया गया कि गुब्बारे के अंदर या आसपास किसी भी प्रकार की विस्फोटक, आपत्तिजनक अथवा संदिग्ध सामग्री मौजूद नहीं है। जांच में गुब्बारे के अतिरिक्त कोई अन्य वस्तु नहीं मिली, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि यह केवल एक खाली उपकरण है।
जांच प्रक्रिया पूर्ण होने के उपरांत पुलिस ने नियमानुसार गुब्बारे को कब्जे में लेकर आगे की आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और किसी भी प्रकार का खतरा नहीं है। फिलहाल मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों को भेज दी गई है तथा यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि उक्त गुब्बारा किस प्रकार इस क्षेत्र में पहुंचा।
