एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
रामपुर उपमंडल के लालसा क्षेत्र में माता मंगला काली व देवता साहिब दोगणू महाराज के नवनिर्मित मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा 18 से 23 फरवरी तक आयोजित की जाएगी। यह जानकारी माता मंगला काली मंदिर सुधार सभा, लालसा द्वारा दी गई। सुधार सभा के प्रधान शीश कुमार शर्मा ने बताया कि प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के अवसर पर लगभग 10 देवताओं को आमंत्रित किया गया है, जिनका आगमन सुनिश्चित है। इस धार्मिक अनुष्ठान में लगभग 25 से 30 हजार श्रद्धालु शामिल होने की संभावना है।
कार्यक्रम की व्यापकता को देखते हुए सुधार सभा ने उपमंडल अधिकारी रामपुर, हर्ष अमरेंद्र सिंह नेगी से सहयोग की अपील की है। सभा ने आग्रह किया है कि कार्यक्रम के सफल एवं सुचारू आयोजन हेतु पुलिस प्रशासन, लोक निर्माण विभाग, विद्युत विभाग, जल शक्ति विभाग, परिवहन निगम, अग्निशमन विभाग तथा स्वास्थ्य विभाग को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएं।
सुधार सभा के उपप्रधान मनीष शर्मा, सचिव चन्द्र कान्त शर्मा, सह सचिव दुर्गा देव शर्मा और कोषाध्यक्ष कुलभूषण ठाकुर ने प्रशासन से अपेक्षा जताई है कि सभी संबंधित विभागों के सहयोग से यह धार्मिक आयोजन शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न होगा। इस मौके पर मंदिर कमेटी के अन्य पदाधिकारी एवं ग्रामीण भी उपस्थित थे।
