Kullu: कुल्लू में किसानों को निःशुल्क ट्राउट पालन किट वितरित, एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन

एआरबी टाइम्स ब्यूरो, कुल्लू

कुल्लू, 29 जनवरी: पतलीकूहल में स्थित ट्राउट फार्म में अनुसूचित जाति उप-योजना के अंतर्गत एक दिवसीय ट्राउट पालन प्रशिक्षण एवं परीक्षण शिविर आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद–केंद्रीय शीतजल मात्स्यिकी अनुसंधान संस्थान, भीमताल के सहयोग से मत्स्य विभाग द्वारा आयोजित किया गया।

निदेशक मत्स्य, विवेक चंदेल ने बताया कि मत्स्य विभाग राज्य के मत्स्य किसानों के लिए समय-समय पर इस प्रकार के प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि किसानों की आय में वृद्धि सुनिश्चित की जा सके। इस अवसर पर प्रतिभागी किसानों को ₹10,000 मूल्य की निःशुल्क ट्राउट पालन किट वितरित की गई, जिसमें हैंड नेट, ट्राउट आहार, दवाइयाँ, आइस बॉक्स सहित अन्य आवश्यक सामग्री शामिल थी।

इस प्रशिक्षण शिविर में जिला कुल्लू के 25 ट्राउट मत्स्य पालकों ने भाग लिया। वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. रेणु जेठी और डॉ. कुणाल किशोर ने ट्राउट पालन से संबंधित तकनीकी और वैज्ञानिक जानकारी दी।

कार्यक्रम के आरंभ में ट्राउट फार्म के उपनिदेशक अरुण कांत ने स्वागत भाषण दिया और जिला कुल्लू के ट्राउट पालकों के लिए इस उपयोगी प्रशिक्षण शिविर का आयोजन करने पर आभार व्यक्त किया।

डॉ. जेठी और डॉ. किशोर ने मत्स्य आहार प्रबंधन और रोग रोकथाम पर विस्तृत व्याख्यान दिए। वहीं, वरिष्ठ मत्स्य अधिकारी डी.सी. आर्य ने ट्राउट हैचरी प्रबंधन और प्रगतिशील ट्राउट पालक सिद्धार्थ ने परिसंचरण प्रणाली से पालन एवं विपणन की जानकारी साझा की। किसानों को सोशल मीडिया के माध्यम से विपणन बढ़ाने और आधुनिक मार्केटिंग तकनीकों को अपनाने पर भी विशेष जोर दिया गया।

Leave a Comment