एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के अंतर्गत जिला शिमला में आम जनता को सस्ती दरों पर खाद्यान्न उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से 15 नए स्थानों पर उचित मूल्य की दुकानें खोली जाएंगी। इन दुकानों के आवंटन के लिए खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग द्वारा ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
जिला नियंत्रक खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले नरेंद्र कुमार धीमान ने बताया कि इच्छुक व्यक्ति या संस्थाएं इन दुकानों के लिए 20 फरवरी 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं। आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे, अन्य किसी भी माध्यम से भेजे गए आवेदन मान्य नहीं होंगे।
इन स्थानों पर खुलेंगी दुकानें
उन्होंने बताया कि यह दुकानें जिला शिमला के विभिन्न विकास खण्डों में खोली जाएंगी, जिनमें—
विकास खण्ड रामपुर में ग्राम पंचायत दरकाली (दरकाली), शिंगला (उमरी वार्ड नं. 3), काशापाट (काशापाट वार्ड नं. 1) तथा झाकड़ी (झाकड़ी वार्ड नं. 9) शामिल हैं।
विकास खण्ड जुब्बल में ग्राम पंचायत गिलदाढ़ी, झगटान तथा नन्दपूर में दुकानें खोली जाएंगी।
शिमला शहरी क्षेत्र के वार्ड नं. 34 कनलोग में भी एक उचित मूल्य की दुकान प्रस्तावित है।
विकास खण्ड ठियोग में ग्राम पंचायत कलीण्ड (वजैती), सन्धु (रुन्कली) तथा क्यारटु (क्यारटु वार्ड नं. 2 टिक्कर लणु) शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त ननखड़ी के ग्राम पंचायत खमाड़ी, नारकण्डा के ग्राम पंचायत बड़ागांव (सराहन) व खनेटी (वार्ड नं. 5) तथा विकास खण्ड चौपाल के ग्राम पंचायत सरैन (वार्ड नं. 7) में भी नई दुकानें खोली जाएंगी।
पात्रता और आवश्यक शर्तें
आवेदन करने के लिए आवेदक की न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता मैट्रिक निर्धारित की गई है। व्यक्तिगत आवेदक की आयु 18 से 45 वर्ष के बीच होनी चाहिए।
आवेदन पत्र के साथ मैट्रिक प्रमाण पत्र, उच्च शिक्षा प्रमाण पत्र (यदि उपलब्ध हों), वित्तीय स्थिति से संबंधित जानकारी, भूतपूर्व सैनिक, दिव्यांग, शिक्षित बेरोजगार होने की स्थिति में प्रमाण पत्र, दुकान की उपलब्धता व भंडारण क्षमता से संबंधित विवरण अपलोड करना अनिवार्य होगा।
इसके अलावा विधवा/एकल नारी, बीपीएल, एससी, एसटी, ओबीसी वर्ग से संबंधित प्रमाण पत्र, उसी पंचायत का निवासी होने की स्थिति में पंचायत द्वारा जारी प्रमाण पत्र तथा स्वयं या परिवार के किसी सदस्य के विधायक, सांसद या स्थानीय निकाय में निर्वाचित न होने संबंधी शपथ पत्र भी अपलोड करना आवश्यक है।
ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया
इच्छुक आवेदक emerginghimachal.hp.gov.in वेबसाइट पर जाकर सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। सभी दस्तावेजों की प्राधिकृत अधिकारी से सत्यापित प्रतियां अपलोड करना अनिवार्य होगा। बिना पूर्ण दस्तावेजों के आवेदन रद्द कर दिए जाएंगे।
अधिक जानकारी के लिए संपर्क
उचित मूल्य की दुकान के आवंटन से संबंधित अधिक जानकारी व औपचारिकताओं के लिए इच्छुक व्यक्ति किसी भी कार्यदिवस में कार्यालय आकर या दूरभाष नंबर 0177-2657022 पर संपर्क कर सकते हैं।
