एआरबी टाइम्स ब्यूरो
रामपुर बुशहर। ब्लॉक कांग्रेस रामपुर की विशेष बैठक शनिवार को सातवें वित्तायोग अध्यक्ष विधायक नंद लाल की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में अखिल भारतीय कांग्रेस पार्टी के सचिव विदित कुमार चौधरी विशेष रूप से उपस्थित रहे, वहीं जिला परिषद अध्यक्ष चंद्र प्रभा नेगी भी बैठक में शामिल रहीं।
बैठक का मुख्य उद्देश्य 30 मई को शिमला के पीटरहॉफ में होने वाली ‘जय हिंद रैली’ की तैयारियों पर चर्चा करना था। इसमें रामपुर से अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया।
इस अवसर पर विदित कुमार चौधरी ने कहा, “हिमाचल प्रदेश में जल्द ही प्रदेश कार्यकारिणी से लेकर ब्लॉक स्तर तक का गठन किया जाएगा। हमारा उद्देश्य एक आदर्श और सशक्त संगठन बनाना है।” उन्होंने बताया कि हिमाचल में संगठनात्मक ढांचा मजबूत है, लेकिन लंबे समय से पदाधिकारी नियुक्त नहीं हुए हैं। यह प्रक्रिया अब प्राथमिकता के आधार पर पूरी की जाएगी।
सातवें वित्तायोग अध्यक्ष नंद लाल ने कहा कि रामपुर का संगठनात्मक ढांचा बेहद मजबूत है और इसका श्रेय पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को जाता है। उन्होंने यह भी बताया कि रामपुर ब्लॉक कांग्रेस हर माह की 5 तारीख को बैठक करती है और पार्टी द्वारा दिए गए सभी दिशा-निर्देशों पर अमल किया जाता है।
बैठक में ब्लॉक अध्यक्ष सतीश वर्मा, महिला अध्यक्ष राजकांता, जिला परिषद सदस्य बिमला शर्मा, डीडी कश्यप, राजेश गुप्ता, सतीश शर्मा, सुदामा राम मेहता, कृष्ण गोपाल भारद्वाज, पदमा कुमारी, राहुल सोनी, मनीष चौहान सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।