Shimla: मुख्यमंत्री ने विश्व पर्यावरण दिवस पर साइकिल रन को झंडी दिखाकर किया रवाना

एआरबी टाइम्स ब्यूरो

शिमला। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने आज विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर ओक ओवर, शिमला से ‘प्लास्टिक प्रदूषण को समाप्त करना’ थीम पर आयोजित साइकिल रन को झंडी दिखाकर रवाना किया। यह आयोजन पर्यावरण, विज्ञान प्रौद्योगिकी एवं जलवायु परिवर्तन विभाग तथा हिमाचल प्रदेश विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं पर्यावरण परिषद (HIMCOSTE) द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने प्लास्टिक न्यूट्रल हिमाचल-2030 जागरूकता अभियान और स्वच्छ शिमला अभियान का भी शुभारंभ किया। इस आयोजन में छात्रों, स्वयंसेवकों, गृह रक्षा जवानों और समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर लोगों को हिमाचल को प्लास्टिक मुक्त बनाने की शपथ भी दिलाई। उन्होंने कहा कि राज्य की प्राकृतिक सुंदरता को बनाए रखने के लिए प्लास्टिक प्रदूषण पर नियंत्रण आवश्यक है।

“हिमाचल की पहचान उसकी प्राकृतिक विरासत है। हमें इसे बचाने के लिए सकारात्मक दृष्टिकोण और सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता है,” मुख्यमंत्री ने कहा।

उन्होंने आगे कहा कि आने वाले पांच वर्षों में हिमाचल को पूरी तरह प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए सरकार द्वारा निरंतर प्रयास किए जाएंगे और इसके लिए जनभागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है।

इस मौके पर विधायक हरीश जनारथा, महापौर सुरेंद्र चौहान, उपायुक्त अनुपम कश्यप, पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह, निदेशक डीसी राणा, आयुक्त भूपेंद्र अत्री, अतिरिक्त निदेशक प्रवीण गुप्ता, मुख्य वैज्ञानिक डॉ. सुरेश अत्री सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *