एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
शिमला और कुल्लू पुलिस ने नशा तस्करी पर कड़ा शिकंजा कसा है। इस कार्रवाई में चार आदतन चिट्टा तस्करों को निवारक नजरबंदी में जेल भेजा गया, शाही महात्मा गैंग के मुख्य सप्लायर को गिरफ्तार किया गया और दिल्ली से फरार चिट्टा सप्लायर को भी पकड़ा गया।
चार आदतन तस्कर निवारक नजरबंदी में:
शिमला पुलिस ने मनोज उर्फ मन्ना (कार्याली), अंकित ठाकुर (नीरथ, रामपुर), गोविंद सिंह (बठारा, रामपुर) और लोकिंदर कंवर को उनके पुराने मामले और लगातार नशा तस्करी में लिप्त होने के कारण जेल भेजा। इन आरोपियों के खिलाफ 2018 से 2025 तक दर्ज कई मामले हैं, जिनमें विभिन्न थानों से कुल 200 ग्राम से अधिक चिट्टा और चरस बरामद हुआ। एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने बताया कि निवारक नजरबंदी का उद्देश्य आदतन तस्करों को भविष्य में अवैध गतिविधियों से रोकना और नशा नेटवर्क को तोड़ना है।
शाही महात्मा गैंग का मुख्य सप्लायर गिरफ्तार:
शिमला पुलिस ने प्रदीप कुमार उर्फ रांटा (बिजौरी, रोहड़ू) को गिरफ्तार किया, जो डेढ़ साल से फरार था। वह शाही महात्मा गैंग का मुख्य चिट्टा सप्लायर था और बाहरी राज्यों से चिट्टा लाकर रोहड़ू क्षेत्र में सप्लाई करता था। इस मामले में अब तक कुल 57 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
कुल्लू पुलिस की कार्रवाई:
कुल्लू पुलिस ने पंजाब के चिट्टा सप्लायर पुनीत कुमार उर्फ पैरी (रामपुरा जवाहरवाला, संगरूर) को दिल्ली से गिरफ्तार किया। आरोपी दुबई भागने की योजना बना रहा था। इससे पहले उसने भुंतर में दो आरोपियों को 29 ग्राम चिट्टा बेचा था।
एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने कहा कि नशे के खिलाफ अभियान जारी रहेगा और समाज को इस खतरे से बचाने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे।
