एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
शिमला के लोअर कैथू क्षेत्र स्थित एक होटल में 86 वर्षीय ब्रिटिश नागरिक बैरी एल्विन मॉस मृत पाए गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार 21 फरवरी की रात करीब 12 बजे होटल संचालक ने सूचना दी कि कमरा नंबर 103 में ठहरे विदेशी मेहमान दरवाजा नहीं खोल रहे हैं। स्टाफ द्वारा मास्टर चाबी से दरवाजा खोला गया तो वे कमरे के फर्श पर अचेत अवस्था में पड़े मिले।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी और उप पुलिस अधीक्षक टीम सहित मौके पर पहुंचे। होटल कर्मचारियों से पूछताछ में सामने आया कि मृतक यूके निवासी थे और कुछ समय से होटल में ठहरे हुए थे। पुलिस ने कमरे का निरीक्षण कर जरूरी सामान कब्जे में लिया और कमरे को सील कर दिया। इसके बाद उन्हें तत्काल इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (आईजीएमसी) पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए शवगृह में सुरक्षित रखा गया है।
मामले की सूचना यूके दूतावास को दे दी गई है। दूतावास से औपचारिक जवाब मिलने के बाद धारा 194 बीएनएसएस के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
