एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
शिमला जिले के बडियारा पुल के पास हुए ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस ने इस मामले में जिला कुल्लू के कसौल क्षेत्र से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने पत्रकार वार्ता में बताया कि पुलिस थाना चिड़गांव में अभियोग संख्या 16/2026 दिनांक 18 फरवरी 2026 को धारा 103, 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।
18 फरवरी को 112 हेल्पलाइन पर सूचना मिली थी कि बडियारा पुल के समीप पब्बर नदी के किलोचा नाला क्षेत्र में एक अज्ञात व्यक्ति का शव पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि मृतक के दोनों हाथ-पैर कपड़े से बंधे हुए थे। जांच के दौरान मृतक की पहचान राकेश प्रताप उर्फ सेती राम कामी, निवासी नेपाल के रूप में हुई। घटनास्थल से हत्या में इस्तेमाल पत्थर और खंजर बरामद किए गए। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और संदिग्धों के फोटो मीडिया में जारी किए।
स्थानीय लोगों ने बताया कि घटना वाले दिन मृतक को दो नेपाली मूल के युवकों के साथ देखा गया था।
ऐसे दिया वारदात को अंजाम
पुलिस जांच में सामने आया कि 17 फरवरी 2026 को दोनों आरोपी मृतक से मिलने बडियारा पहुंचे थे। दिन में उन्होंने मृतक के कमरे में शराब पी और शाम करीब सात बजे अधिक शराब पीने के बहाने उसे पब्बर नदी किनारे किलोचा नाला ले गए।
वहां मामूली कहासुनी के बाद आरोपियों ने तेजधार हथियार और पत्थरों से हमला कर उसकी हत्या कर दी। पहचान छिपाने के उद्देश्य से मृतक का चेहरा बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया गया और उसका मोबाइल फोन भी गायब कर दिया गया।
कसौल में छिपे थे आरोपी
डिजिटल साक्ष्यों और खुफिया जानकारी के आधार पर पुलिस को पता चला कि आरोपी कसौल और मणीकर्ण क्षेत्र में छिपे हुए हैं। प्रवासी मजदूर पंजीकरण रजिस्टर की जांच के बाद आरोपियों की पहचान ललित राणा उर्फ लक्ष्मण राणा (20 वर्ष) पुत्र नैन बहादुर, निवासी भुरपावरी जिला जजरकोट, नेपाल और साहबीर लुवर (21 वर्ष) पुत्र विसे लुवर, निवासी भुरपावरी जिला जजरकोट, नेपाल के रूप में हुई।
दोनों आरोपी कुछ दिन पहले ही गांव देवीधार में मजदूरी के लिए आए थे और घटना के दिन से लापता थे। 22 और 23 फरवरी 2026 की मध्य रात्रि को चिड़गांव पुलिस टीम ने कसौल (जिला कुल्लू) में दबिश देकर दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया।
आरोपियों के कब्जे से मृतक का मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
ये भी पढें
Shimla: बडियारा में नेपाली चौकीदार की निर्मम हत्या, साथियों पर तेजधार हथियार से वार का आरोप
