एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
उपमंडलीय जन शिकायत निवारण समिति की बैठक वीरवार को मिनी सचिवालय रामपुर के सभागार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपमंडलाधिकारी रामपुर हर्ष अमरेन्द्र सिंह ने की। बैठक में क्षेत्र से संबंधित विभिन्न विभागों के जनहित एवं विकास कार्यों पर विस्तृत चर्चा हुई।
मुख्य चर्चा बिंदु:
दत्तनगर क्षेत्र की पेयजल योजना का पुनर्निर्माण और सराहन को सीवरेज प्रणाली से जोड़ना।
राजकीय महाविद्यालय रामपुर की लाइब्रेरी में पुस्तकों की क्षमता बढ़ाना।
दोहरी सराहन सड़क और नगर परिषद वार्ड 6 में मार्ग सुधार एवं स्ट्रीट लाइट स्थापना।
एनएच 5 पर स्कूलों के समीप ओवरहेड ब्रिज निर्माण।
नोगली क्षेत्र में वर्षाशालिका और शौचालय निर्माण।
महात्मा गांधी चिकित्सालय खनेरी में ऑक्सीजन प्लांट संचालन और ट्रॉमा सेंटर में ओटी सुविधा आरम्भ।
ग्राम पंचायत लेलन में उप स्वास्थ्य केंद्र खोलना, ग्रामीण सड़कों का रखरखाव, बस स्टैंड एवं यातायात व्यवस्था में सुधार।
कुगल घाटी क्षेत्र में सड़क किनारे खतरनाक पेड़ों को हटाना और जल निकासी सुनिश्चित करना।
प्राकृतिक आपदा प्रभावित परिवारों को मुआवजा वितरण में तेजी लाना, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, गो-सदनों की व्यवस्था, बेसहारा पशुओं का संरक्षण।
स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार अवसर उपलब्ध कराना और एलएडीएफ निधि का पारदर्शी उपयोग।
संवेदनशील सड़कों पर क्रैश बैरियर लगाना और लंबित सड़कों का शीघ्र पक्का करना।
उपमंडलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी जन शिकायतों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय सीमा में किया जाए और विकास कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए। सभी विभाग एक माह के भीतर कार्रवाई की रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे और अगली बैठक में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे।
