एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
सर्वपल्ली बीएड व एमएड संस्थान नोगली में मंगलवार को प्रशिक्षु छात्र-छात्राओं तथा अध्यापक वर्ग द्वारा होली उत्सव बड़े धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर प्रथम और द्वितीय वर्ष के प्रशिक्षुओं ने मिलकर रंगों के इस पावन पर्व का आनंद लिया और एक-दूसरे के साथ खुशियां साझा कीं।
संस्थान के अध्यक्ष डॉ. मुकेश शर्मा ने प्रशिक्षुओं एवं समस्त सर्वपल्ली परिवार को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि होली का पर्व जाति, धर्म और पृष्ठभूमि से ऊपर उठकर समानता और समरसता का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि होली सनातन धर्म का एक महत्वपूर्ण पर्व है, जो बुराई पर अच्छाई, असत्य पर सत्य और अधर्म पर धर्म की विजय का प्रतीक है।
उन्होंने यह भी कहा कि शिक्षा के दृष्टिकोण से होली का विशेष महत्व है। यह पर्व युवाओं में सृजनात्मकता, रचनात्मक सोच तथा अपनी सांस्कृतिक विरासत के प्रति गर्व और समझ विकसित करने में सहायक है।
संस्थान की प्रधानाचार्या डॉ. सीमा भारद्वाज ने कहा कि होली जैसे त्योहार युवाओं को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ते हैं तथा उन्हें अपनी सांस्कृतिक विरासत, मूल्यों और इतिहास से परिचित कराते हैं। शैक्षिक संस्थान में इस प्रकार के उत्सव मनाने का उद्देश्य आपसी प्रेम, भाईचारा और राष्ट्रीय एकता को सुदृढ़ बनाए रखना है। इस अवसर पर सभी शिक्षक एवं गैर-शिक्षक कर्मचारियों ने उत्सव में भाग लेकर रंगों के इस पर्व का भरपूर आनंद लिया।
