एआरबी टाइम्स | भावानगर
जिला किन्नौर के निचार खंड की ग्राम पंचायत रूपी का विभाजन कर शीगारचा को अलग पंचायत का दर्जा देने की मांग एक बार फिर तेज हो गई है। क्षेत्र के लोगों ने प्रदेश सरकार से इस मामले में शीघ्र निर्णय लेने की अपील की है।
ग्रामीणों का कहना है कि वे कई बार प्रदेश सरकार तथा किन्नौर के विधायक एवं बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी के समक्ष रूपी पंचायत के विभाजन का मुद्दा उठा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। ग्रामीणों के अनुसार ग्राम पंचायत रूपी का क्षेत्रफल काफी विस्तृत और भौगोलिक दृष्टि से दुर्गम है, जिसके कारण लोगों को पंचायत स्तर की सुविधाओं और विकास कार्यों का पूरा लाभ नहीं मिल पा रहा। उनका कहना है कि पंचायत का विभाजन पंचायती राज के निर्धारित मापदंडों को भी पूरा करता है।
लोगों का तर्क है कि शीगारचा क्षेत्र की जनसंख्या और भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए अलग पंचायत बनाए जाने से प्रशासनिक कार्यों में तेजी आएगी और विकास योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन संभव हो सकेगा।
स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांग पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे। ग्रामीणों ने सरकार से जनहित में जल्द फैसला लेने की मांग की है।
