Shimla : मोदी सरकार के 11 वर्ष : भारत बना विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था : डॉ. सिकंदर

एआरबी टाइम्स ब्यूरो

शिमला। भाजपा जिला शिमला की एक बैठक का आयोजन पार्टी कार्यालय दीप कमल चक्कर में किया गया। इस बैठक में भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद डॉ. सिकंदर कुमार ने विशेष रूप से भाग लिया। बैठक का मुख्य विषय मोदी सरकार के 11 वर्षों की उपलब्धियां रहा। डॉ. सिकंदर कुमार ने कहा कि वर्ष 2014 से अब तक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने अभूतपूर्व प्रगति की है। हाल ही में भारत ने जापान को पीछे छोड़ते हुए विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था का दर्जा हासिल किया है। वर्ष 2014 में भारत की GDP जहां 2 ट्रिलियन डॉलर थी, वहीं 2025 में यह बढ़कर 4.3 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंच गई है।

शिमला भाजपा मंडल की बैठक में मौजूद कार्यकर्ता।

उन्होंने कहा कि यह प्रगति सुधारात्मक नीतियों, आत्मनिर्भरता और ऊर्जा क्षेत्र में संरचनात्मक बदलावों का परिणाम है। भारत अब दुनिया की सबसे तेज़ी से बढ़ती अर्थव्यवस्था होने के साथ-साथ वैश्विक रणनीतिक शक्ति के रूप में भी उभर चुका है। डॉ. सिकंदर ने कहा कि ऊर्जा क्षेत्र में भारत ने जबरदस्त विस्तार किया है। भारत अब तीसरा सबसे बड़ा ऊर्जा और तेल उपभोक्ता, चौथा सबसे बड़ा रिफाइनर और LNG आयातक बन चुका है। वर्ष 2047 तक देश की ऊर्जा मांग में 2.5 गुना वृद्धि की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि मोदी सरकार की ऊर्जा नीति चार स्तंभों उपलब्धता, सामर्थ्य, स्थिरता और विविधीकरण पर आधारित है। वर्ष 2025 तक तेल और गैस अन्वेषण क्षेत्र को 16 प्रतिशत तक बढ़ाने का लक्ष्य है। सरकार का उद्देश्य 2030 तक 1 मिलियन वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में अन्वेषण करना है, जिससे 42 बिलियन टन तेल और गैस के भंडार खोजे जा सकें। मोदी सरकार के नेतृत्व को दूरदर्शी और राष्ट्रहित में निर्णायक बताते हुए कहा कि यह दशक भारत को विकास और वैश्विक नेतृत्व की नई ऊंचाइयों तक ले जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *