एआरबी टाइम्स ब्यूरो | सोलन
हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के भोजनगर गांव के पास करालघाट के घने जंगल में युवक और युवती के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मिली जानकारी के अनुसार युवक का शव पेड़ से फंदे पर लटका हुआ पाया गया, जबकि युवती का शव पास ही जमीन पर पड़ा था। युवती के मुंह और नाक से खून बह रहा था, जिससे मामला संदिग्ध बन गया है। दोनों की मौत कैसे हुई, इस पर अभी रहस्य बना है। पुलिस की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि यह आत्महत्या है या हत्या।
बताया जा रहा है कि सोमवार शाम करीब 5:15 बजे एक वाहन चालक ने करालघाट में युवक को पेड़ से लटका देखा और तुरंत भोजनगर पुलिस चौकी को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। युवक के शव के साथ ही युवती पर मृत अवस्था में पाई गई। युवक की पहचान करण निवासी खील को मोड़, सोलन के रूप में हुई है।
युवती की पहचान याशिका निवासी गौतम बुद्ध विहार, सोलन के रूप में हुई है। फिलहाल पुलिस इस मामले को प्रेम प्रसंग से जोड़कर देख रही है, हालांकि आत्महत्या और हत्या दोनों पहलुओं से जांच जारी है। मौके पर एफएसएल जुन्गा की टीम को बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से कई अहम सबूत जुटाए हैं। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है।

2 Comments
Pingback: Bilaspur : पढ़ाई के लिए मोबाइल से रोका, 13 साल के बच्चे ने कर ली आत्महत्या
Pingback: Shimla : आर्थिक संकट में सरकार का बड़ा फैसला, कैबिनेट रैंक खत्म, 20% वेतन रोका