एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
रामपुर शहर में मिनी सचिवालय के सामने शनिवार दोपहर एंबुलेंस और बोलेरो वाहन के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे के समय एंबुलेंस में निरमंड अस्पताल से उरटू निवासी एक मरीज को रेफर कर खनेरी अस्पताल ले जाया जा रहा था। दुर्घटना के बाद क्षतिग्रस्त एंबुलेंस में मरीज करीब आधे घंटे तक दूसरी एंबुलेंस का इंतजार करता रहा।
जानकारी के अनुसार, मिनी सचिवालय के सामने दोनों वाहनों की जोरदार भिड़ंत हुई। टक्कर के बाद एंबुलेंस और बोलेरो सड़क पर क्षतिग्रस्त हालत में खड़े हो गए। इससे राष्ट्रीय राजमार्ग-5 पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा और सड़क पर जाम जैसी स्थिति बन गई। वाहनों की आवाजाही बाधित होने के कारण ब्रो और जगातखाना की ओर जाने वाले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
हादसे के करीब आधे घंटे बाद दूसरी एंबुलेंस मौके पर पहुंची। इसके बाद रेफर मरीज को क्षतिग्रस्त एंबुलेंस से दूसरी एंबुलेंस में शिफ्ट किया गया और उपचार के लिए खनेरी अस्पताल ले जाया गया। दुर्घटना में एंबुलेंस को काफी नुकसान पहुंचा है, जबकि बोलेरो वाहन भी क्षतिग्रस्त हुआ है। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी के घायल होने या जानी नुकसान की सूचना नहीं है।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पुलिस टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और यातायात व्यवस्था को सुचारु करवाया। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। मामले में नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जा रही है।
