एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
नगर परिषद रामपुर शहर में एनएच-5 किनारे बढ़ते अतिक्रमण और यातायात व्यवस्था को लेकर सख्ती बरतने की तैयारी में है। शनिवार को नगर परिषद अध्यक्ष कर्ण शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित विशेष बैठक में सड़क किनारे अवैध रूप से दुकानें लगाने वाले सब्जी विक्रेताओं और रेहड़ी-फड़ी संचालकों के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्णय लिया गया। साथ ही ऐसे मकान मालिकों को भी नोटिस जारी करने पर सहमति बनी, जिनके किरायेदार सड़क किनारे दुकानें संचालित कर रहे हैं।
बैठक में एनएच-5 किनारे अतिक्रमण का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। परिषद ने निर्णय लिया कि सड़क किनारे दुकानें लगाकर यातायात व्यवस्था प्रभावित करने वालों को नोटिस जारी किए जाएंगे। इसके साथ ही संबंधित मकान मालिकों को अपने किरायेदारों को सड़क किनारे दुकानें लगाने से रोकने के निर्देश दिए जाएंगे।
रामपुर बाजार में निर्धारित स्थान और तय लाइन से बाहर रेहड़ी-फड़ी लगाने वालों पर भी नगर परिषद कार्रवाई करेगी। परिषद की ओर से पहले संबंधित लोगों को नियमों का पालन करने के निर्देश दिए जाएंगे। इसके बावजूद यदि अतिक्रमण जारी रहता है तो नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
बैठक में हाउस टैक्स से जुड़े नियमों और निर्धारित दरों पर भी चर्चा हुई। पार्षदों को बताया गया कि आवासीय और व्यावसायिक भवनों के लिए अलग-अलग हाउस टैक्स दरें निर्धारित हैं। अध्यक्ष कर्ण शर्मा ने सभी पार्षदों से अपने-अपने वार्डों में लोगों को हाउस टैक्स के नियमों और भुगतान को लेकर जागरूक करने की अपील की।
इसके अलावा बैठक में स्वच्छता ही सेवा अभियान-2026, वार्ड नंबर चार में एसजेवीएन की भूमि पर खुले परिसर के निर्माण के लिए एनओसी, शहर में लोडिंग-अनलोडिंग की व्यवस्था और फॉरेस्ट गेट कार पार्किंग की अवधि एक माह बढ़ाने के प्रस्ताव पर भी विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में नगर परिषद उपाध्यक्ष रोहित नेगी सहित सभी पार्षद, एसडीओ अनिल गौतम और कनिष्ठ अभियंता राजेश शर्मा मौजूद रहे।
