एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
रामपुर पुलिस द्वारा नशे के अवैध कारोबार और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 20.630 ग्राम चिट्टा बरामदगी के मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सह आरोपी प्रिन्स ठाकुर (20) निवासी अंब, जिला ऊना, हाल निवासी रामपुर को 12 सितंबर को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, आठ सितंबर को पुलिस थाना रामपुर की टीम ने ल्हासा रेन शेल्टर के समीप कार्रवाई करते हुए शिवम कुमार निवासी जिला लुधियाना, पंजाब के कब्जे से 20.630 ग्राम चिट्टा बरामद किया था। इस संबंध में पुलिस थाना रामपुर में एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर शिवम कुमार को गिरफ्तार किया गया था।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी से पूछताछ के साथ अन्य साक्ष्यों के आधार पर मादक पदार्थ की आपूर्ति से जुड़े नेटवर्क की जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि प्रिन्स ठाकुर फोन के माध्यम से शिवम कुमार के नियमित संपर्क में था। पुलिस के अनुसार, वह मादक पदार्थ की खरीद और उसकी व्यवस्था में उसकी सहायता करता था।
जांच के दौरान सामने आए तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने प्रिन्स ठाकुर की मामले में संलिप्तता पाए जाने पर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब मादक पदार्थ की आपूर्ति से जुड़े अन्य पहलुओं और नेटवर्क में शामिल लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
