एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
हिमाचल प्रदेश वन विभाग की 27वीं वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता के दौरान रामपुर के पाटबंगला मैदान में खेल भावना के साथ सामाजिक सरोकार की अनूठी मिसाल देखने को मिली। प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से प्रतियोगिता में हिस्सा लेने पहुंचे वन विभाग के खिलाड़ियों और कर्मचारियों ने रक्तदान शिविर में बढ़-चढ़कर भाग लिया। शिविर में कुल 51 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया।
रक्तदान सेवा परिवार सोसायटी रामपुर की ओर से वन विभाग रामपुर के सहयोग से आयोजित यह 63वां रक्तदान शिविर था। प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ियों ने विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने के साथ रक्तदान कर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी भी निभाई। खिलाड़ियों की इस पहल ने यह संदेश दिया कि खेलों के माध्यम से शारीरिक स्वास्थ्य के साथ सामाजिक सेवा की भावना को भी मजबूत किया जा सकता है।
रक्तदान शिविर के दौरान सीएफ वन मंडल रामपुर सीबी ताशीलदार और डीएफओ रामपुर गुरहर्ष सिंह विशेष रूप से मौजूद रहे। उन्होंने रक्तदान करने वाले खिलाड़ियों एवं वन विभाग के कर्मचारियों का उत्साहवर्धन किया और इस पुनीत कार्य के लिए उनकी सराहना की। उन्होंने कहा कि रक्तदान जरूरत के समय किसी मरीज के लिए जीवनरक्षक साबित हो सकता है और इस तरह के प्रयास समाज में जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
रक्तदान सेवा परिवार सोसायटी के अध्यक्ष ने शिविर के सफल आयोजन के लिए वन विभाग रामपुर का आभार जताया। उन्होंने कहा कि रक्त की जरूरत किसी भी व्यक्ति को कभी भी पड़ सकती है। ऐसे में स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति लोगों को जागरूक करना और जरूरतमंद मरीजों तक समय पर रक्त उपलब्ध करवाना सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने महात्मा गांधी सेवा चिकित्सा परिसर खनेरी के ब्लड बैंक की प्रभारी डॉ. मानसी और उनकी पूरी टीम का भी सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान सेवा परिवार सोसायटी भविष्य में भी विभिन्न विभागों, संस्थाओं और सामाजिक संगठनों के सहयोग से ऐसे शिविर आयोजित करती रहेगी, ताकि जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध करवाया जा सके।
खेल प्रतियोगिता के बीच आयोजित इस रक्तदान शिविर ने वन विभाग के खिलाड़ियों की खेल प्रतिभा के साथ-साथ उनकी सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को भी उजागर किया।
