एआरबी टाइम्स ब्यूरो | मंडी
युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार द्वारा जिला स्तर पर रोजगार मेलों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में जिला रोजगार कार्यालय मंडी द्वारा 24 मार्च को एक लघु रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। यह मेला प्रातः 10:30 बजे मॉडल करियर सेंटर/जिला रोजगार कार्यालय, खलियार (मंडी) में आयोजित होगा, जिसमें निजी क्षेत्र की विभिन्न कंपनियां भाग लेकर कुल 196 रिक्त पदों के लिए योग्य अभ्यर्थियों का चयन करेंगी।
Press Note (Regarding Mini Job Fair)
जिला रोजगार अधिकारी अरविन्द सिंह चौहान ने बताया कि हीरो मोटर्स कंपनी ई-वैली प्रा. लिमिटेड द्वारा टेक्निकल एसोसिएट/ऑपरेटिंग इंजीनियर के 35 पदों के लिए साक्षात्कार लिए जाएंगे, जिनके लिए 12वीं, आईटीआई या मैकेनिकल/इलेक्ट्रिकल डिप्लोमा योग्यता तथा 18 से 32 वर्ष आयु निर्धारित है। चयनित अभ्यर्थियों को लुधियाना में तैनाती के साथ ₹18,500 से ₹22,500 तक वेतन दिया जाएगा। इसके अलावा एलायंस ग्रो स्टाफिंग, नुरेका टेक्नोलॉजी और एमटी ऑटोक्राफ्ट सिस्टम लिमिटेड द्वारा सुपरवाइजर के 60 पदों के लिए 12वीं या संबंधित ट्रेड में आईटीआई/डिप्लोमा धारकों से साक्षात्कार लिए जाएंगे, जिनकी तैनाती परवाणु और मोहाली में होगी तथा वेतन ₹13,500 व अन्य भत्ते निर्धारित किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि कंपीटेंट ऑटोमोबाइल प्रा. लिमिटेड द्वारा सेल्स एग्जीक्यूटिव और सर्विस एडवाइजर के 17 पदों के लिए बीटेक/डिप्लोमा/ग्रेजुएट अभ्यर्थियों से साक्षात्कार लिए जाएंगे, जिनके लिए ड्राइविंग लाइसेंस अनिवार्य है। इन पदों के लिए ₹14,000 से ₹18,000 तक वेतन व इंसेंटिव के साथ तैनाती मंडी, कुल्लू और मनाली में दी जाएगी। वहीं आनंद ऑटो केयर प्रा. लिमिटेड द्वारा सेल्स ऑफिसर के 4 पदों के लिए ग्रेजुएट अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा, जिनकी तैनाती मंडी में होगी और वेतन ₹12,750 या उससे अधिक (अनुभव अनुसार) रहेगा।
इसके अतिरिक्त एक्सिस बैंक (एनआईआईटी) द्वारा असिस्टेंट मैनेजर के 30 पदों के लिए 50 प्रतिशत अंकों के साथ स्नातक अभ्यर्थियों से साक्षात्कार लिए जाएंगे। इन पदों के लिए ₹36,500 वेतन निर्धारित है और चयनित अभ्यर्थियों की तैनाती हिमाचल प्रदेश में कहीं भी की जा सकती है। वहीं ग्राम तरंग टेक्निकल वोकेशनल एजुकेशन एंड ट्रेनिंग प्रा. लिमिटेड द्वारा इलेक्ट्रीशियन, फिटर, मशीनिस्ट, वायरमैन आदि के 50 पदों के लिए 12वीं/आईटीआई योग्य अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा, जिनकी तैनाती कपूरथला में होगी। इन पदों के लिए ₹12,507 वेतन के साथ ₹800 उपस्थिति प्रोत्साहन दिया जाएगा।
जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी अपने सभी शैक्षणिक प्रमाण पत्र, पासपोर्ट साइज फोटो, रोजगार कार्यालय पंजीकरण प्रमाण पत्र, आधार कार्ड तथा बायोडाटा साथ लेकर साक्षात्कार में भाग ले सकते हैं। उन्होंने युवाओं से निर्धारित तिथि, समय और स्थान पर पहुंचकर इस रोजगार मेले का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है।
