एआरबी टाइम्स ब्यूरो | कुल्लू
कुल्लू जिले के निरमंड उपमंडल की कंडा-कतमोर सड़क की बदहाल स्थिति स्थानीय लोगों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। सड़क पर जगह-जगह पड़े गड्ढों और खराब हालत के कारण कतमोर, कंडा, कोल्था, खलैर और धारागई सहित आसपास के क्षेत्रों की सैकड़ों की आबादी को रोजाना मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क की हालत सुधारने की मांग को लेकर हिमाचल किसान सभा की खंड इकाई निरमंड ने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को ज्ञापन भेजा है।
किसान सभा के राज्य सचिव देवकी नंद, निरमंड ब्लॉक अध्यक्ष पूर्ण ठाकुर, राजू बिष्ट, राम दास, दुर्गा दास और जीवत राम सहित अन्य लोगों ने कहा कि लंबे समय से सड़क की हालत खराब बनी हुई है। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे होने के कारण जहां सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था प्रभावित हो रही है, वहीं छोटे वाहन चालकों को भी जोखिम उठाकर सफर करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि खराब सड़क के कारण रोजमर्रा की आवाजाही मुश्किल हो गई है। विशेष रूप से बसों और छोटे वाहनों की आवाजाही में परेशानी हो रही है। इससे क्षेत्र के लोगों को अपने दैनिक कार्यों के लिए आने-जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
किसान सभा ने लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि जनहित को देखते हुए कंडा-कतमोर सड़क की जल्द मरम्मत कर इसे सुरक्षित और सुचारू यातायात के योग्य बनाया जाए। सभा ने चेतावनी दी है कि यदि 25 जुलाई तक सड़क की हालत में सुधार नहीं किया गया तो ग्रामीणों को लामबंद कर आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा।
किसान सभा पदाधिकारियों ने कहा कि आंदोलन की स्थिति पैदा होने पर इसकी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी। उन्होंने विभाग से ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए समयबद्ध तरीके से सड़क की मरम्मत करने की मांग की है।
