एआरबी टाइम्स ब्यूरो | मंडी
Himachal Drug Case : हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के अलसू चौक पर शनिवार शाम पुलिस ने पति-पत्नी को चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों नशे के आदी हैं और करीब एक वर्ष पहले उनकी शादी हुई थी। सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि दंपती अपने तीन महीने के बेटे को दादा-दादी के पास छोड़कर चिट्टा खरीदने के लिए पंजाब गए थे।
सुंदरनगर पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। आरोपियों के कॉल रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं और उनके स्थानीय नेटवर्क की भी पड़ताल की जा रही है। आशंका जताई जा रही है कि दंपती न सिर्फ नशे का सेवन कर रहे थे, बल्कि तस्करी में भी शामिल हो सकते हैं पुलिस के अनुसार, नशे की लत के चलते आरोपियों ने अपने माता-पिता के गहने तक गिरवी रख दिए थे। इस घटना से परिवार गहरे सदमे में है और बच्चे के भविष्य को लेकर चिंतित है। सामाजिक दबाव के कारण परिवार खुलकर कुछ भी कहने से बच रहा है। उधर, पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें कुछ दिनों के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले की जांच जारी है और पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान में जुटी है।
चिट्टा तस्करी में रोहड़ू क्षेत्र के दो युवक गिरफ्तार
शिमला । जिला पुलिस की नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी है। चिट्टा तस्करी के एक मामले में पुलिस ने दो आरोपी और दबोचे हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शिशुपाल और रवि चौहान निवासी गांव बरटू, रोहड़ू के रूप में हुई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 12 मार्च को गुप्त सूचना के आधार पर बडियारा क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने ललित कुमार उर्फ बनी निवासी गांव सुंधा भौड़ा, चिड़गांव से करीब 6 ग्राम चिट्टा बरामद किया था। इस मामले में थाना चिड़गांव में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया था। मामले की गहन जांच और बैकवर्ड लिंकेज के आधार पर पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई और अब इस नेटवर्क से जुड़े दो अन्य सप्लायरों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी हुई है।
