एआरबी टाइम्स ब्यूरो | शिमला
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में चिट्टा तस्करी के मामलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। ताजा मामले में शिमला पुलिस ने 40 ग्राम चिट्टे के साथ मनीमाजरा निवासी एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर पूरे गिरोह की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला रेखा को उस समय गिरफ्तार किया गया जब वह चिट्टे की सप्लाई लेकर शिमला पहुंच रही थी। यह कार्रवाई थाना सदर के तहत डाउनडेल क्षेत्र में की गई। सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को रोका और तलाशी ली। तलाशी के दौरान आरोपी के पर्स से प्लास्टिक के पैकेट में 40 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि महिला किस ड्रग नेटवर्क से जुड़ी हुई है और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।
📊 तीन महीने में 192 आरोपी गिरफ्तार
शिमला पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ अभियान तेज करते हुए पिछले तीन महीनों में 97 मामले दर्ज किए हैं, जिनमें 192 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और बैकवर्ड लिंकेज के आधार पर कई अंतरराज्यीय गिरोहों का भी भंडाफोड़ किया है। कुछ दिन पहले ही पुलिस ने आईएसबीटी टुटीकंडी में हरियाणा के एक तस्कर से 288 ग्राम चिट्टा बरामद किया था, जिसकी कीमत करीब 15 लाख रुपये आंकी गई है।
