एआरबी टाइम्स ब्यूरो | बिलासपुर
युवाओं के लिए रोजगार का सुनहरा अवसर सामने आया है। जिला रोजगार कार्यालय के माध्यम से 17 अप्रैल को उप-रोजगार कार्यालय घुमारवीं में कैंपस इंटरव्यू का आयोजन किया जाएगा। यह साक्षात्कार प्रातः 10:30 बजे से शुरू होगा।
जिला रोजगार अधिकारी राजेश मेहता ने जानकारी देते हुए बताया कि ब्लू स्टार कंपनी (नाहन रोड, रामपुर काला अंब, जिला सिरमौर) द्वारा ऑपरेटर के 50 पद भरे जाएंगे। इन पदों के लिए उम्मीदवार का किसी भी ट्रेड में आईटीआई, फिटर, टर्नर, इलेक्ट्रिशियन, मोटर मैकेनिक, पंप ऑपरेटर या वेल्डर में डिप्लोमा होना आवश्यक है। अभ्यर्थियों की आयु 16 से 25 वर्ष के बीच निर्धारित की गई है। चयनित उम्मीदवारों को 16,000 से 20,800 रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा।
इसके अतिरिक्त, श्रीराम इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड, घुमारवीं द्वारा सेल्स एग्जीक्यूटिव और सेल्स मैनेजर के 6 पदों पर भी भर्ती की जाएगी। इन पदों के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता स्नातक या एमबीए रखी गई है, जबकि आयु सीमा 25 से 45 वर्ष निर्धारित की गई है। चयनित उम्मीदवारों को 20,000 से 30,000 रुपये तक मासिक वेतन प्रदान किया जाएगा।
जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी अपने सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ निर्धारित तिथि, समय और स्थान पर पहुंचकर साक्षात्कार में भाग ले सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए 01978-222450 पर संपर्क किया जा सकता है।
