एआरबी टाइम्स ब्यूरो | रामपुर बुशहर
पृथ्वी दिवस के अवसर पर स्प्रिगडेल स्कूल, खनेरी रामपुर में विभिन्न कक्षाओं के विद्यार्थियों द्वारा अनेक रचनात्मक और शिक्षाप्रद गतिविधियों का आयोजन किया गया।
कक्षा पाँचवीं, स्काउट एंड गाइड और एनसीसी के छात्रों ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के लिए जागरूकता रैली निकाली। इस दौरान “पेड़ लगाओ, पृथ्वी बचाओ” जैसे नारों के माध्यम से लोगों को प्रेरित किया गया। कक्षा पहली से चौथी तक के नन्हे बच्चों ने स्वच्छता और स्वास्थ्य से जुड़ी गतिविधियों के जरिए साफ-सफाई के महत्व को समझाया। वहीं कक्षा छठी के विद्यार्थियों ने स्कूल परिसर में सफाई अभियान चलाया।
कक्षा सातवीं और आठवीं के छात्रों ने वेस्ट मटेरियल से सुंदर व उपयोगी वस्तुएँ बनाकर “रीयूज और रीसायकल” का संदेश दिया। कक्षा नौवीं से ग्यारहवीं तक के विद्यार्थियों ने विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन कर पृथ्वी की सुरक्षा के लिए संकल्प लिया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने कविता वाचन और भाषण प्रस्तुत किए, जबकि अध्यापकों ने भी पर्यावरण संरक्षण पर अपने विचार साझा किए। विभिन्न चार्ट और पोस्टरों के माध्यम से पृथ्वी दिवस के महत्व को दर्शाया गया, जिससे सभी में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ी।कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य मनीष आनंद ने छात्रों और अध्यापकों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
