एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
विद्युत मंत्रालय एवं निगमित कार्यालय के निर्देशानुसार रामपुर एचपीएस द्वारा 17 सितंबर से 2 अक्तूबर 2026 तक स्वच्छता ही सेवा (SHS) अभियान-2026 आयोजित किया जा रहा है। अभियान के तहत विद्यार्थियों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता और जनभागीदारी की भावना विकसित करने के उद्देश्य से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कशोली में निबंध लेखन प्रतियोगिता करवाई गई।
24 सितंबर को आयोजित प्रतियोगिता में कक्षा 11वीं और 12वीं के 40 विद्यार्थियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता का आयोजन रामपुर एचपीएस के परियोजना प्रमुख ई. विकास मारवाह के मार्गदर्शन में किया गया। इस दौरान विभागाध्यक्ष प्रापण एवं संविदा, रामपुर एचपीएस बायल, ई. बिरेन्द्र प्रताप सिंह भी मौजूद रहे।
प्रतियोगिता में कक्षा 12वीं की छात्रा रिधिमा ने प्रथम, यमुना ने द्वितीय और समीक्षा ने तृतीय स्थान हासिल किया। मृदुल और राधिका को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए गए।
इस अवसर पर परियोजना प्रमुख ई. विकास मारवाह ने कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता, जिम्मेदारी और जनभागीदारी की भावना को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि निबंध प्रतियोगिता के माध्यम से स्वच्छता के महत्व, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, कचरे के उचित पृथक्करण, पर्यावरण संरक्षण और सिंगल यूज प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक करने का प्रयास किया गया।
उन्होंने कहा कि ऐसी गतिविधियां विद्यार्थियों की रचनात्मक सोच और लेखन क्षमता को बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित करती हैं। विद्यार्थियों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश परिवार और समुदाय तक पहुंचाने तथा सामूहिक जनभागीदारी को मजबूत करने में भी मदद मिलती है।
रामपुर एचपीएस की ओर से आयोजित यह पहल स्वच्छता ही सेवा अभियान के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने और स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में विद्यार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
