एआरबी टाइम्स ब्यूरो | रामपुर बुशहर
गोबिन्द बल्लभ पंत मेमोरियल राजकीय महाविद्यालय रामपुर और महात्मा गांधी राजकीय इंजीनियरिंग महाविद्यालय, कोटला ज्यूरी के मध्य एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इस समझौते पर इंजीनियरिंग महाविद्यालय की ओर से प्रोफेसर अमितेष शर्मा ने निदेशक के रूप में हस्ताक्षर किए, जबकि राजकीय महाविद्यालय रामपुर की ओर से डॉ. सतपाल, सहायक प्राध्यापक (अर्थशास्त्र), प्राचार्य के प्रतिनिधि के रूप में उपस्थित रहे।
एमओयू का मुख्य उद्देश्य दोनों संस्थानों के बीच शैक्षणिक सहयोग को सुदृढ़ करना, तकनीकी एवं व्यावहारिक ज्ञान का आदान-प्रदान सुनिश्चित करना तथा विद्यार्थियों के समग्र विकास को बढ़ावा देना है। इसके अंतर्गत संयुक्त प्रशिक्षण कार्यक्रम, औद्योगिक भ्रमण और अनुसंधान गतिविधियाँ आयोजित की जाएँगी। इस पहल से विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकी ज्ञान, इंटर्नशिप के अवसर और रोजगारोन्मुखी कौशल प्राप्त करने में सहायता मिलेगी। साथ ही, दोनों संस्थान नवाचार, स्टार्टअप संस्कृति और अनुसंधान को प्रोत्साहित करने के लिए संयुक्त रूप से कार्य करेंगे।
कार्यक्रम में प्रो. सुनील शर्मा, प्रो. अंकित शर्मा और प्रो. राजीव गुमरावत भी उपस्थित रहे। सभी ने इस समझौते को क्षेत्र में उच्च शिक्षा की गुणवत्ता को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
