एआरबी टाइम्स ब्यूरो | रोहड़ू
लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने गुरुवार को पांच दिवसीय राज्य स्तरीय रोहड़ू मेले के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने जनसमूह को संबोधित करते हुए क्षेत्र के समग्र विकास के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि रोहड़ू विधानसभा क्षेत्र के विकास में कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी। पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के योगदान को याद करते हुए उन्होंने कहा कि उनके विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा। मंत्री ने बताया कि सड़क निर्माण और सुदृढ़ीकरण सरकार की प्राथमिकता है और इस दिशा में लगातार काम जारी है।
उन्होंने कहा कि बीते 2-3 वर्षों में आई आपदाओं से सड़कों को भारी नुकसान हुआ है, लेकिन उनके पुनर्निर्माण के प्रयास तेजी से किए जा रहे हैं। साथ ही बागवानों और किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए विभिन्न योजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा आरडीजी में कटौती से प्रदेश को हुए नुकसान का भी जिक्र किया, लेकिन आश्वस्त किया कि विकास कार्यों की गति बनाए रखी जाएगी।
मंत्री ने बताया कि रोहड़ू-चिड़गांव सड़क के उन्नयन पर करीब 20 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इसके अलावा दुर्गम क्षेत्र डोडरा-क्वार के अंतिम गांवों को सड़क सुविधा से जोड़ने के प्रयास जारी हैं। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत प्रदेश में लगभग 1500 किलोमीटर सड़कों के निर्माण को स्वीकृति मिली है, जिस पर करीब 2300 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इनमें रोहड़ू क्षेत्र की 22 सड़कें शामिल हैं, जिन पर लगभग 300 करोड़ रुपये व्यय किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि ब्रांदली से सुंगरी तक सड़क को पक्का किया जा रहा है, जबकि सुंगरी-रोहड़ू सड़क के उन्नयन के लिए विशेष पैकेज लाने के प्रयास जारी हैं। रोहड़ू-रामपुर सड़क के सुधार के लिए भी योजनाएं तैयार की जा रही हैं। लोक निर्माण विभाग के ठेकेदारों के लंबित भुगतान जल्द जारी करने की बात भी उन्होंने कही, जिससे निर्माण कार्यों में तेजी आएगी। शहरी विकास के तहत रोहड़ू में सौंदर्यीकरण, पार्किंग और अन्य आधारभूत सुविधाओं के लिए परियोजनाएं तैयार की जा रही हैं। साथ ही हाइड्रोलिक पार्किंग स्थापित करने की योजना पर भी काम चल रहा है, जिससे यातायात व्यवस्था में सुधार होगा।

स्मारिका विमोचन और विजेताओं का सम्मान
इस अवसर पर मंत्री ने मेले की स्मारिका का विमोचन किया। स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र रहे। विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया।
रस्साकशी में महिला मंडल भमानी लिमडा प्रथम, ओडा बस्ती कलोटी द्वितीय और टिक्कर डीसवानी तृतीय स्थान पर रहे। कबड्डी प्रतियोगिता में लक्ष्मी टाइटंस जुब्बल विजेता और क्रिसमेटिक छूवारा उपविजेता रहा। नशा विरोधी अभियान में उत्कृष्ट कार्य के लिए संगीता खुराना को भी सम्मानित किया गया।
विकास कार्यों को मिल रही गति: ब्राक्टा
रोहड़ू के विधायक मोहन लाल ब्राक्टा ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए कहा कि क्षेत्र के विकास कार्यों को लगातार गति दी जा रही है। उन्होंने कहा कि सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
इस दौरान मेला समिति के अध्यक्ष एवं एसडीएम (नागरिक) रोहड़ू धर्मेश रामौत्रा ने भी अतिथियों का स्वागत किया और मेले की गतिविधियों की जानकारी दी। कार्यक्रम में विभिन्न जनप्रतिनिधि, संस्थाओं के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
