एआरबी टाइम्स ब्यूरो | रामपुर बुशहर
रामपुर के सर्वपल्ली राधाकृष्णन बीएड, एमएड एवं डिग्री कॉलेज, बालना में एमएड द्वितीय सेमेस्टर का परीक्षा परिणाम हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय द्वारा घोषित किया गया। संस्थान का परीक्षा परिणाम इस बार शत-प्रतिशत रहा, जो संस्थान के लिए गौरव का विषय है।परिणाम में छात्रा प्रीति चौहान ने 77.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि स्मृति सिंह ने 76.6 प्रतिशत अंक के साथ द्वितीय स्थान प्राप्त किया। उल्लेखनीय है कि सभी छात्र-छात्राओं ने 70 प्रतिशत से अधिक अंक अर्जित किए, जो उच्च शैक्षणिक गुणवत्ता को दर्शाता है।

इस उपलब्धि पर संस्थान की प्रधानाचार्या डॉ. सीमा भारद्वाज ने सभी प्रशिक्षु छात्र-छात्राओं को बधाई दी और अध्यापक वर्ग के समर्पण व मार्गदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि संस्थान में शिक्षा के स्तर को और ऊंचा उठाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, जो सामूहिक सहयोग से संभव हो पाया है।
संस्थान के अध्यक्ष डॉ. मुकेश कुमार शर्मा ने भी उत्कृष्ट परिणाम पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए छात्रों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति के परिप्रेक्ष्य में एमएड पाठ्यक्रम का महत्व बढ़ गया है, जो शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण, नेतृत्व क्षमता और शैक्षिक प्रबंधन की दक्षता प्रदान करता है।
संस्थान में वर्तमान में बीएड की 200 और एमएड की 50 सीटें उपलब्ध हैं। संस्थान शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता की दिशा में निरंतर अग्रसर है और भविष्य में भी बेहतर परिणाम देने के लिए प्रतिबद्ध है।
