एआरबी टाइम्स ब्यूरो | रामपुर बुशहर
SJVN Limited ने राष्ट्रीय बांध सुरक्षा प्राधिकरण के सहयोग से नाथपा झाकड़ी जलविद्युत स्टेशन (एनजेएचपीएस) में बांध सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम का उद्देश्य बांध सुरक्षा के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना, जोखिम न्यूनीकरण को प्रोत्साहित करना तथा आपदा पूर्व तैयारी को मजबूत करना रहा।

एसजेवीएन के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक Bhupendra Gupta ने बताया कि इस सामुदायिक जागरूकता कार्यक्रम के माध्यम से स्थानीय लोगों को बांध सुरक्षा, बाढ़ प्रबंधन और आपदा के समय अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक किया गया। इस अवसर पर एसजेवीएन के निदेशक (कार्मिक) Ajay Kumar Sharma ने कहा कि बांध सुरक्षा की संस्कृति को मजबूत बनाने के लिए सभी हितधारकों के समन्वित सहयोग, जन-जागरूकता और पर्यावरणीय जिम्मेदारी की महत्वपूर्ण भूमिका है।
कार्यक्रम का उद्घाटन किन्नौर के उपायुक्त Amit Sharma तथा राष्ट्रीय बांध सुरक्षा प्राधिकरण के सदस्य (प्रशासन एवं वित्त) Saurabh Agrawal ने किया। स्वागत संबोधन में एनजेएचपीएस के परियोजना प्रमुख Rajeev Kapoor ने कहा कि क्षेत्र में सामुदायिक जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इस प्रकार की पहलें लगातार आयोजित की जा रही हैं।
कार्यक्रम के दौरान आईएमडी, एनडीआरएफ, इसरो, एनआरएससी तथा राज्य प्रशासन के विशेषज्ञों और अधिकारियों ने बांध सुरक्षा, आपदा प्रबंधन, मौसम पूर्वानुमान तथा समुदायों की भूमिका जैसे विषयों पर विस्तृत प्रस्तुतियां दीं। विशेषज्ञों ने आधुनिक तकनीकों और समन्वित प्रयासों को बांध सुरक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक बताया।
सामुदायिक संवाद सत्र में डाउनस्ट्रीम क्षेत्रों के ग्रामीणों ने अपनी चिंताएं साझा करते हुए सुरक्षा उपायों और पूर्व चेतावनी प्रणाली को और मजबूत बनाने के सुझाव दिए। कार्यक्रम के दूसरे चरण में विद्यार्थियों ने जागरूकता रैली निकाली, पौधारोपण अभियान चलाया तथा बाढ़ सुरक्षा और आपदा जागरूकता पर आधारित नुक्कड़ नाटकों की प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम का मुख्य फोकस बांध सुरक्षा, आपदा पूर्व तैयारी, बाढ़ प्रबंधन तथा सामुदायिक सहभागिता को मजबूत करना रहा।
