एआरबी टाइम्स ब्यूरो | रामपुर बुशहर
SJVN Limited का 39वां स्थापना दिवस लूहरी जल विद्युत परियोजना चरण-1 द्वारा बड़े हर्षोल्लास एवं धूमधाम के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ परियोजना प्रमुख एलएचईपी-1 विवेक शर्मा ने एसजेवीएन ध्वजारोहण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया। इस अवसर पर आरएचपीएस के परियोजना प्रमुख विकास मारवाह, अल्का जासवाल, अरविन्द गुप्ता, संजीव कौशल सहित सभी विभागाध्यक्ष, अधिकारी, कर्मचारी एवं उनके परिजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को मनोरंजक एवं आकर्षक बनाने के लिए बच्चों, महिलाओं और कपल्स हेतु विभिन्न फन गेम्स आयोजित किए गए, जिनका उपस्थित जनसमूह ने भरपूर आनंद लिया। विजेताओं को मौके पर ही पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान परियोजना प्रमुख विवेक शर्मा ने ‘पीपुल्स चॉइस-एसजेवीएन स्टार अवार्ड्स’ के विजेता मनीष धीमान एवं निशांत कुमार को सम्मानित किया। यह पुरस्कार प्रतिवर्ष कर्मचारियों को उनकी उत्कृष्ट कार्यशैली, ऊर्जा एवं कंपनी के साझा विजन में प्रेरणादायक योगदान के लिए प्रदान किया जाता है।
सांस्कृतिक संध्या में पंजाबी गायक दलजीत सिंह एवं ममता भारद्वाज ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। उनकी मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया और पूरे कार्यक्रम में उत्साह एवं आनंद का माहौल बनाए रखा।
