एआरबी टाइम्स ब्यूरो | रामपुर बुशहर
रामपुर विकास खंड की नरैण पंचायत के बरांदली वार्ड नंबर-1 में पंचायत चुनाव के दौरान नोटा स्टैंप को लेकर हुए विवाद के बाद प्रशासन ने मतदान प्रक्रिया रद्द कर दी है। निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम रामपुर हर्ष अमरेंद्र सिंह ने मामले में सख्त रुख अपनाते हुए दोबारा मतदान कराने के निर्देश दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, मतदान के दौरान चुनाव अधिकारियों की लापरवाही सामने आई। आरोप है कि मतदान कक्ष में गलती से नोटा की स्टैंप छोड़ दी गई थी। इसी बीच कुछ मतदाताओं ने दावा किया कि उन्होंने अपने पसंदीदा उम्मीदवार के बजाय नोटा स्टैंप लगाकर वोट डाल दिया। धीरे-धीरे मामला बढ़ता गया और करीब साढ़े 12 बजे स्थिति विवादपूर्ण हो गई। इसके बाद प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से मतदान प्रक्रिया रोक दी।
घटना की सूचना मिलते ही निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम रामपुर हर्ष अमरेंद्र सिंह ने सहायक निर्वाचन अधिकारी को मौके पर जांच के लिए भेजा और बाद में स्वयं भी वहां पहुंचे। जांच में मतदान प्रक्रिया में अनियमितता पाए जाने के बाद बरांदली वार्ड नंबर-1 की वोटिंग को पूरी तरह रद्द करने का निर्णय लिया गया।
एसडीएम हर्ष अमरेंद्र सिंह ने कहा कि निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि मामले की रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेज दी गई है। उन्होंने बताया जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देशानुसार 28 मई को दोबारा मतदान करवाया जाएगा और नरैण में स्ट्रांग स्थापित किया जा रहा है।
