एआरबी टाइम्स ब्यूरो | शिमला
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने रविवार को शिमला के संजौली में 3.18 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित बहुउद्देशीय खेल स्टेडियम का उद्घाटन किया। आधुनिक सुविधाओं से युक्त इस स्टेडियम में खेल प्रतियोगिताओं के लिए खुला मैदान, ओपन हॉल, रसोईघर तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध करवाई गई हैं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अंतरराष्ट्रीय ग्रीष्मोत्सव शिमला के अंतर्गत आयोजित हिमाचल प्रदेश की पहली ‘चिट्टा जागरूकता वॉलीबॉल प्रतियोगिता’ का शुभारंभ भी किया। उन्होंने प्रतियोगिता की ट्रॉफी का अनावरण करते हुए विजेता टीम के लिए एक लाख रुपये की नकद पुरस्कार राशि देने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने राज्यभर से आई 13 टीमों के मार्चपास्ट की सलामी ली तथा खिलाड़ियों और उपस्थित लोगों को नशा निवारण की शपथ दिलाई। उन्होंने संजौली मैदान के विकास एवं सुधार के लिए एक करोड़ रुपये, क्षेत्र में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र स्थापित करने तथा संजौली होली मेले को जिला स्तरीय मेले का दर्जा देने की घोषणा भी की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार हिमाचल में ‘खेलो इंडिया’ प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए प्रयासरत है और इस दिशा में आवश्यक निर्देश जारी किए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों की पुरस्कार राशि बढ़ाई गई है तथा राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए नई खेल नीति भी जल्द लागू की जाएगी। इसके अलावा शिमला के निकट घटासनी में 10 करोड़ रुपये की लागत से एक नए स्टेडियम का निर्माण कार्य भी जारी है।
अपने छात्र जीवन को याद करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने स्वयं भी विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में भाग लिया है, इसलिए खिलाड़ियों की चुनौतियों और आवश्यकताओं को भलीभांति समझते हैं। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने खिलाड़ियों की डाइट मनी में बढ़ोतरी की है। प्रदेश के भीतर प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को प्रतिदिन 400 रुपये तथा राज्य से बाहर प्रतियोगिताओं में भाग लेने वालों को 500 रुपये प्रतिदिन डाइट मनी प्रदान की जा रही है। साथ ही 200 किलोमीटर से अधिक दूरी की यात्रा के लिए हवाई यात्रा की सुविधा भी उपलब्ध करवाई जा रही है।
विधायक हरीश जनारथा ने कहा कि संजौली मैदान क्षेत्र के सबसे पुराने खेल मैदानों में से एक है और आधुनिक खेल सुविधाओं की लंबे समय से चली आ रही मांग अब पूरी हो गई है। उन्होंने कहा कि युवाओं को खेलों से जोड़कर नशे से दूर रखने का सरकार का प्रयास सराहनीय है।
कार्यक्रम में शिमला नगर निगम के महापौर सुरेंद्र चौहान, उपायुक्त अनुपम कश्यप, पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह, युवा सेवाएं एवं खेल विभाग के निदेशक शिवम प्रताप सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
