एआरबी टाइम्स ब्यूरो | शिमला
जिला शिमला की पंचायत समिति जुब्बल के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पद का चुनाव वीरवार को पंचायत समिति कक्ष, जुब्बल में एसडीएम जुब्बल गुरमीत नेगी और बीडीओ करण सिंह की देखरेख में संपन्न हुआ। चुनाव प्रक्रिया में पंचायत समिति के सभी 15 निर्वाचित सदस्यों ने भाग लिया।
गौरतलब है कि पंचायत समिति जुब्बल के सभी 15 वार्डों में कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की है। अध्यक्ष पद के लिए पंचायत समिति वार्ड रावीं से निर्वाचित सदस्य कमलेश झगटा के नाम का प्रस्ताव रखा गया, जिसे सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से समर्थन दिया। इसी प्रकार उपाध्यक्ष पद के लिए पंचायत समिति वार्ड शिली-पराली से सदस्य लोकपाल शरखोली के नाम का प्रस्ताव रखा गया, जिसका भी सभी सदस्यों ने एकमत से समर्थन किया। इसके बाद एसडीएम गुरमीत नेगी ने कमलेश झगटा को पंचायत समिति जुब्बल की निर्विरोध अध्यक्षा तथा लोकपाल शरखोली को निर्विरोध उपाध्यक्ष घोषित किया।
चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद नवनिर्वाचित अध्यक्षा कमलेश झगटा, उपाध्यक्ष लोकपाल शरखोली तथा पंचायत समिति के अन्य सदस्यों ने शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर शिक्षा मंत्री ने सभी सदस्यों को सौहार्दपूर्ण वातावरण में सर्वसम्मति से चुनाव संपन्न कराने पर बधाई और शुभकामनाएं दीं।
रोहित ठाकुर ने कहा कि पंचायती राज संस्थाएं ग्रामीण विकास की आधारशिला हैं और पंचायत समिति क्षेत्र के विकास कार्यों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने आश्वस्त किया कि प्रदेश सरकार पंचायत समिति के माध्यम से विकास योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान करेगी।
इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी जुब्बल-नावर-कोटखाई के अध्यक्ष जितेंद्र मैहता, कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ता, संगठन के पदाधिकारी तथा अन्य कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।
