उपमंडल रामपुर से श्रीखंड महादेव इको-टूरिज्म यात्रा को धार्मिक आस्था के साथ-साथ क्षेत्रीय विकास, पर्यावरण संरक्षण और स्थानीय रोजगार से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। श्रीखंड कैलाश चंडी यात्रा समिति की इस बैठक की अध्यक्षता समिति अध्यक्ष मस्त गिरी बाबा ने की।
बैठक में श्रीखंड महादेव यात्रा को अधिक व्यवस्थित, सुरक्षित और पर्यावरण-अनुकूल बनाने के लिए विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रतिभागियों ने क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने, आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने तथा स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर विकसित करने पर जोर दिया। बैठक के दौरान क्षेत्रीय विकास और जनहित से जुड़े कार्यों के लिए प्रदेश सरकार तथा हिमकोन के चेयरमैन-कम-मैनेजिंग डायरेक्टर विकेश चौहान के प्रयासों की सराहना की गई। इस अवसर पर वन परिक्षेत्र अधिकारी सराहन कुन्दन नेगी, विभिन्न पंचायतों के प्रधान, उपप्रधान, पंचायत प्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के सदस्य, युवा और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।
ग्रामीणों ने सड़क सुविधा से वंचित गांवों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए संबंधित मांगों का ज्ञापन विकेश चौहान को सौंपा। उन्होंने इन मुद्दों को मुख्यमंत्री और संबंधित विभागों के समक्ष प्रभावी ढंग से रखने का आग्रह किया। समिति ने मांग की कि हिमकोन, अटल बिहारी वाजपेयी पर्वतारोहण एवं संबद्ध खेल संस्थान तथा अन्य सरकारी योजनाओं के माध्यम से स्थानीय युवाओं और युवतियों के लिए निःशुल्क कौशल विकास एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किए जाएं। समिति का मानना है कि पर्यटन, ट्रैकिंग और साहसिक गतिविधियों से जुड़े प्रशिक्षण युवाओं को स्वरोजगार के बेहतर अवसर प्रदान कर सकते हैं। बैठक में श्रीखंड महादेव यात्रा मार्ग के रखरखाव, पैदल मार्गों के निर्माण और सुधार, पर्यावरण संरक्षण तथा पर्यटन सुविधाओं के विकास के लिए तैयार परियोजना रिपोर्ट के अनुरूप पर्याप्त बजट उपलब्ध करवाने की भी मांग उठाई गई।
वन परिक्षेत्र अधिकारी कुन्दन नेगी ने अधिकारियों और स्थानीय युवाओं की संयुक्त टीम गठित कर दो दिनों के भीतर विस्तृत सर्वेक्षण रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए। यह रिपोर्ट यात्रा मार्ग की वर्तमान स्थिति, पर्यावरणीय आवश्यकताओं, आधारभूत सुविधाओं और पर्यटन विकास की संभावनाओं का आकलन करेगी।
बैठक में लबाना-सदाना एवं सरपारा पंचायत के समिति सदस्य संजीव करशेट, 15/20 विकास सभा के अध्यक्ष मोहन मेहता, पूर्व प्रधान विजय महाटेट सहित विभिन्न पंचायतों के प्रतिनिधियों और गणमान्य व्यक्तियों ने भी अपने सुझाव और विचार साझा किए।
