एआरबी टाइम्स ब्यूरो | धर्मशाला
केंद्रीय विश्वविद्यालय हिमाचल प्रदेश (CUHP) के सेंटर फॉर डिस्टेंस एंड ऑनलाइन एजुकेशन ने जुलाई 2026 सत्र के ऑनलाइन पाठ्यक्रमों के लिए शैक्षणिक कैलेंडर जारी कर दिया है। इस सत्र के लिए प्रवेश की प्रक्रिया 29 जून को शुरू हो चुकी है। ऑनलाइन पाठ्यक्रमों में रुचि रखने वाले छात्र 1 सितंबर तक आवेदन कर सकते हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, आवेदनों की स्क्रूटनी के बाद 9 सितंबर तक प्रवेश की पुष्टि (कन्फर्मेशन) कर दी जाएगी। विवि के अनुसार, साल में दो बार ऑनलाइन माध्यम से प्रवेश प्रक्रिया आयोजित की जाती है, जिससे देश-विदेश के छात्रों को अपनी सुविधानुसार उच्च शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलता है।
ओरिएंटेशन और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स की ट्रेनिंग
नए सत्र को सुचारु रूप से चलाने के लिए विश्वविद्यालय ने एक व्यवस्थित शेड्यूल तैयार किया है।
21 और 22 सितंबर: ऑनलाइन माध्यम से पढ़ाने वाले शिक्षकों का ओरिएंटेशन कार्यक्रम होगा।
23 से 27 सितंबर: नए प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों के लिए ओरिएंटेशन एवं इंडक्शन प्रोग्राम आयोजित किया जाएगा, ताकि वे यूनिवर्सिटी के माहौल को समझ सकें।
28 सितंबर से 5 अक्तूबर: विद्यार्थियों को ‘समर्थ’ और ‘स्वयं’ पोर्टल समेत पढ़ाई में इस्तेमाल होने वाले अन्य जरूरी डिजिटल प्लेटफॉर्म्स और टूल्स का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।
👉 यह भी पढ़ें : Shimla : एचपीयू में शुरू होंगे ग्रीन एनर्जी और नैनो टेक जैसे 4 नए कोर्स, DRDO के वैज्ञानिक कराएंगे PhD रिसर्च
पंजीकरण से लेकर परीक्षा तक का पूरा शेड्यूल
विश्वविद्यालय की ओर से जारी आधिकारिक कैलेंडर के अनुसार, 6 से 10 अक्तूबर के बीच छात्र प्रथम सेमेस्टर के लिए कोर्स पंजीकरण करवा सकेंगे। इसके ठीक बाद 11 अक्तूबर से नियमित ऑनलाइन कक्षाएं शुरू कर दी जाएंगी। विद्यार्थियों को सलाह दी है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय पर अपना पंजीकरण पूरा करें, ताकि ओरिएंटेशन और डिजिटल ट्रेनिंग सेशन का पूरा लाभ उठा सकें।
