एआरबी टाइम्स ब्यूरो | चंडीगढ़
एनएचपीसी की कर्मचारी कल्याण गतिविधियों के अंतर्गत क्षेत्रीय कार्यालय, चंडीगढ़ में गुरुवार को फोर्टिस अस्पताल, मोहाली के सहयोग से निःशुल्क चिकित्सा स्वास्थ्य परिचर्चा का आयोजन किया गया। कार्यपालक निदेशक आदित्य गौतम के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य कर्मचारियों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना और निवारक स्वास्थ्य देखभाल को प्रोत्साहित करना था।
परिचर्चा में ऑर्थोपेडिक विशेषज्ञ डॉ. जुबिन मेहता ने हड्डियों एवं जोड़ों के स्वास्थ्य, ऑस्टियोपोरोसिस के कारणों, जोखिम कारकों तथा संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, पर्याप्त कैल्शियम और विटामिन-डी के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने आधुनिक ऑर्थोपेडिक चिकित्सा में रोबोटिक सर्जरी की भूमिका और उसके लाभों पर भी प्रकाश डाला। साथ ही हड्डियों एवं जोड़ों से जुड़ी सामान्य बीमारियों, उनके शुरुआती लक्षणों और समय पर उपचार की आवश्यकता पर चर्चा की।
कार्यक्रम की दूसरी विशेषज्ञ वक्ता मनोवैज्ञानिक आंचल शर्मा ने मानसिक स्वास्थ्य एवं तनाव प्रबंधन विषय पर संवादात्मक सत्र का संचालन किया। उन्होंने कार्यस्थल पर बढ़ते तनाव के कारण, उससे प्रभावी ढंग से निपटने के उपाय, सकारात्मक सोच, समय प्रबंधन, भावनात्मक संतुलन तथा कार्य-जीवन संतुलन के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी।
परिचर्चा के दौरान कर्मचारियों ने विशेषज्ञों से स्वास्थ्य संबंधी विभिन्न प्रश्न पूछे और उनकी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। कार्यक्रम ने कर्मचारियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने तथा निवारक स्वास्थ्य देखभाल के महत्व को समझने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर क्षेत्रीय कार्यालय, चंडीगढ़ के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
