एआरबी टाइम्स ब्यूरो | रामपुर बुशहर
रामपुर उपमंडल की दरकाली पंचायत का पूर्व हिमकोफेड चेयरमैन एवं भाजपा नेता कौल सिंह नेगी ने सोमवार को दौरा किया। इस दौरान उन्होंने जगोती के समीप भूस्खलन के कारण अवरुद्ध सड़क का जायजा लिया और लोक निर्माण विभाग से इसे युद्धस्तर पर बहाल करने की मांग की।
कौल सिंह नेगी ने कहा कि पिछले सात दिनों से मार्ग पर बस सेवा ठप है। इससे स्कूली बच्चों, कर्मचारियों, नौकरीपेशा लोगों और दैनिक कार्यों के लिए आवाजाही करने वाले ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग से सड़क को जल्द बहाल कर बस सेवा सुचारू करने की मांग की। उन्होंने कहा कि सड़क के धंसे हुए हिस्से पर सुरक्षा की दृष्टि से तुरंत डंगा लगाया जाना आवश्यक है। यदि समय रहते सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए तो यहां किसी बड़े हादसे की आशंका बनी रह सकती है।उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया कि बरसात के मौसम को देखते हुए संवेदनशील स्थानों पर तत्काल कदम उठाए जाएं तथा जनता की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
इस अवसर पर बीडीसी सदस्य वीर सिंह भंडारी, भाजपा ग्राम केंद्र अध्यक्ष अनु रोष्टा, चेतन पाकला, डिम्पल सहित अन्य स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।
