एआरबी टाइम्स ब्यूरो, नाहन | हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के पच्छाद उपमंडल में रविवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में महिला शिक्षिका समेत 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज नाहन रेफर किया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह हादसा रविवार शाम करीब 7:30 बजे सराहां बस स्टैंड से लगभग 100 मीटर आगे हुआ। अधिकारी जेटली अपने परिवार के साथ कार में सराहां से अपने घर की ओर जा रहे थे। कार में उनकी पत्नी उर्मिला जेटली, बेटा यशस्वी और महिला शिक्षिका रीना शर्मा भी सवार थीं। बताया जा रहा है कि बस स्टैंड से कुछ दूरी पर पहुंचते ही कार चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और कार करीब 250 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचित किया। इसके बाद राहत एवं बचाव अभियान चलाकर सभी घायलों को खाई से बाहर निकाला गया।
हादसे में महिला शिक्षिका रीना शर्मा (48) निवासी धरगौण, सराहां, कार चालक अधिकारी जेटली की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल उनकी पत्नी उर्मिला जेटली ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं दंपति का बेटा यशस्वी गंभीर रूप से घायल है और उसका नाहन मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है। पुलिस ने दुर्घटना का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में हादसे के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस सोमवार को तीनों शवों का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंपेगी। प्रशासन ने हादसे में मृतकों के परिजनों को 25-25 हजार रुपये और घायल को 5 हजार रुपये की फौरी राहत प्रदान की है।
