एआरबी टाइम्स ब्यूरो, हमीरपुर | हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले के सुजानपुर थाना क्षेत्र के तहत लंबरी पंचायत के जियाणा गांव में एक 14 वर्षीय लड़की की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। इस घटना से पूरे इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस ने घटनास्थल से एक हस्तलिखित सुसाइड नोट बरामद किया है, जिसके आधार पर पड़ोस में रहने वाले एक परिवार के सदस्यों सहित कुल आठ लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद मृतका का शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिसके बाद पैतृक गांव में उसका अंतिम संस्कार किया गया।
सुसाइड नोट से खुला राज, पहले हुआ था विवाद
पुलिस के अनुसार, शनिवार शाम लड़की अपने कमरे में अचेत अवस्था में मिली थी। परिजन उसे तुरंत अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जांच के दौरान पुलिस को मृतका के कमरे से एक सुसाइड नोट मिला, जिसमें पड़ोसियों के नाम लिखे गए हैं। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि इस दुखद कदम से पहले मृतका के पिता और पड़ोसी परिवार के बीच किसी बात को लेकर तीखा विवाद हुआ था, जिसे सुलझाने के लिए दोनों पक्षों की एक बैठक भी बुलाई गई थी।
कांगड़ा का रहने वाला है परिवार, पुलिस जांच में जुटी
यह जानकारी भी सामने आई है कि पीड़ित परिवार मूल रूप से कांगड़ा जिले का रहने वाला है और पिछले कई वर्षों से जोल लंबरी क्षेत्र में किराए के मकान में रह रहा था। पुलिस ने बताया कि सुसाइड नोट और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों से कड़ी पूछताछ की जा रही है और मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी।
