एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला | अटल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल सुपर स्पेशलिटी (AIMS) चमियाना में अत्याधुनिक थ्री-टेस्ला एमआरआई मशीन से टेस्ट शुरू हो गए हैं। अस्पताल प्रशासन ने मरीजों को बड़ी राहत देते हुए इस हाई-टेक जांच के लिए वही दरें तय की हैं, जो इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (IGMC) शिमला में लागू हैं। इसके तहत मरीजों को सिंगल टेस्ट के लिए 3,000 रुपये और मल्टीपल टेस्ट के लिए 5,500 रुपये का शुल्क देना होगा।
एक महीने की लंबी वेटिंग से मिलेगी मुक्ति
चमियाना अस्पताल में प्रतिदिन औसतन 8 से 10 मरीजों को एमआरआई जांच की जरूरत पड़ती है। अब तक यह सुविधा न होने के कारण इन मरीजों को आईजीएमसी शिमला रेफर किया जाता था, जहां सरकारी दरों पर जांच के लिए एक-एक महीने की लंबी प्रतीक्षा सूची का सामना करना पड़ता था। परिसर में ही मशीन स्थापित होने से अब न्यूरोलॉजी, गैस्ट्रोएंट्रोलॉजी, नेफ्रोलॉजी और सीटीवीएस विभागों में आने वाले गंभीर मरीजों का समय पर इलाज शुरू हो सकेगा।
👉 यह भी पढ़ें : Shimla : चमियाना अस्पताल में ₹23 करोड़ की 3-टेस्ला MRI मशीन शुरू, मेडिकल कॉलेजों में ₹125 करोड़ से बनेंगी ऑटोमेटेड लैब्स
क्षमता बचने पर IGMC के मरीजों की भी होगी जांच
अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सुधीर शर्मा ने बताया कि पिछले एक महीने से रेडियोलॉजी विभाग के स्टाफ को इस अत्याधुनिक मशीन के संचालन का विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा था। अब प्रशिक्षित स्टाफ नियमित रूप से सेवाएं देगा। प्रशासन ने यह भी निर्णय लिया है कि चमियाना के इन-हाउस मरीजों की जांच पूरी होने के बाद यदि मशीन की क्षमता बचती है, तो आईजीएमसी से आने वाले मरीजों के स्कैन भी इसी सरकारी दर पर किए जाएंगे, जिससे आईजीएमसी पर मरीजों का दबाव कम होगा।
