एआरबी टाइम्स ब्यूरो, केलांग | हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति जिले में संसारी-किलाड़-थिरोट मार्ग पर शुक्रवार दोपहर एक अत्यंत भीषण और हृदयविदारक हादसा पेश आया। कुल्लू से चंबा के पांगी जा रही एक टाटा सूमो (HP-01M-2210) पर पहाड़ी से भारी-भरकम चट्टान आ गिरी। हादसे में वाहन में सवार 6 माह की बच्ची सहित सभी 13 लोगों की मौत हो गई। यह हादसा कडूनाला और श्योर के बीच गोरना के पास शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे हुआ।
संभलने तक का नहीं मिला मौका
जानकारी के अनुसार, रास्ता बंद होने के कारण सभी यात्री गुरुवार को तिंदी में रुके थे। शुक्रवार दोपहर जैसे ही रास्ता बहाल हुआ, गाड़ी पांगी की ओर बढ़ी। गोरना के पास पहुंचते ही अचानक पहाड़ी से विशालकाय चट्टानें सीधे चलती गाड़ी पर आ गिरीं। टक्कर इतनी भीषण थी कि चालक और सवारियों को संभलने तक का मौका नहीं मिला और पूरी गाड़ी मलबे व चट्टानों के नीचे दब गई। हादसे की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, लाहौल-स्पीति पुलिस और सीमा सड़क संगठन (BRO) की टीम राहत कार्य के लिए मौके पर पहुंची। बीआरओ की भारी मशीनों की मदद से चट्टानों और मलबे को हटाकर सभी 13 शवों को बाहर निकाला गया। इस दर्दनाक घटना से पूरे पांगी और उदयपुर क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। एसपी लाहौल-स्पीति शिवानी मेहला ने बताया कि हादसे में 13 लोगों की जान गई है और पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
मृतकों की सूची
बीर सिंह (35 वर्ष) पुत्र सुरम चंद – गांव घिसल, साच (पांगी, चंबा)
बीर सिंह पुत्र लाल चंद – गांव शूण, उदरीन (पांगी, चंबा)
बुधी सिंह (46 वर्ष) पुत्र समल दास – गांव साच (पांगी, चंबा)
कमला कुमारी (40 वर्ष) पत्नी बुधी सिंह – गांव साच (पांगी, चंबा)
अनिल कुमार (26 वर्ष) पुत्र हरी कृष्ण – गांव साच (पांगी, चंबा)
रेखा (24 वर्ष) पुत्री महेंद्र कुमार – गांव हिलोर, शाली (पांगी, चंबा)
सौरभ सिंह (12 वर्ष) पुत्र बीर सिंह – गांव घिसल, साच (पांगी, चंबा)
अंजना पुत्री चैन सिंह – गांव शाली (पांगी, चंबा)
सोनम आंगमो पत्नी छेरिंग दोरजे – गांव छलिंग, करपट (उदयपुर, लाहौल-स्पीति)
आरवी (6 माह) पुत्री छेरिंग दोरजे – गांव छलिंग, करपट (उदयपुर, लाहौल-स्पीति)
संजय कुमार पुत्र मोहन लाल – गांव कुमार (पांगी, चंबा)
मंगल चंद पुत्र सुखदेव – गांव चुस्क (पांगी, चंबा)
इंदर सिंह (42 वर्ष) पुत्र धुनी चंद – गांव कुटाह, दरवास (पांगी, चंबा)
