एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
रामपुर कॉलेज में पत्रकारिता एवं जनसंचार विषय में दाखिला शुरू होने को स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया रामपुर इकाई ने छात्रों के लंबे संघर्ष और गिरफ्तारियों की महत्वपूर्ण जीत बताया है। SFI ने कहा कि JMC में दाखिला बहाल करवाने की मांग को लेकर छात्रों ने लंबे समय तक आंदोलन किया। इस दौरान भूख हड़ताल से लेकर जेल भरो आंदोलन तक चलाया गया और कई छात्रों ने अपनी गिरफ्तारियां दीं।
SFI रामपुर इकाई ने कहा कि JMC में दाखिला बंद होने के कारण बड़ी संख्या में छात्र इस विषय में प्रवेश से वंचित हो रहे थे। छात्रों की समस्या को लेकर संगठन ने लगातार आंदोलन चलाते हुए प्रशासन के समक्ष मांग उठाई और छात्रों को लामबंद किया। जब मांग पर कार्रवाई नहीं हुई तो छात्रों ने भूख हड़ताल और जेल भरो आंदोलन का सहारा लिया। जेल भरो आंदोलन के दौरान SFI इकाई सचिव राहुल विद्यार्थी सहित कई छात्रों ने गिरफ्तारी देकर मांग को सरकार और प्रशासन के समक्ष मजबूती से उठाया।
SFI नेताओं राहुल विद्यार्थी, मोनिका और मुकेश ने कहा कि JMC में दाखिला शुरू करने की अधिसूचना जारी होना इस बात का प्रमाण है कि छात्रों का संघर्ष और उनकी गिरफ्तारियां व्यर्थ नहीं गईं। यह जीत किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि उन तमाम छात्रों की है, जिन्होंने अपनी शिक्षा और भविष्य के लिए एकजुट होकर संघर्ष किया।
इच्छुक छात्र अब ले सकते हैं दाखिला
SFI रामपुर इकाई ने उन छात्रों से JMC में दाखिला लेने की अपील की है, जो इस विषय में प्रवेश लेना चाहते थे लेकिन दाखिला बंद होने के कारण वंचित रह गए। संगठन ने कहा कि इच्छुक छात्र अब कॉलेज प्रशासन से संपर्क कर JMC में दाखिला ले सकते हैं। जिन छात्रों ने पहले किसी अन्य विषय में दाखिला लिया है और वे JMC पढ़ना चाहते हैं, वे भी कॉलेज प्रशासन से संपर्क कर नियमानुसार विषय परिवर्तन करवा सकते हैं।
अन्य छात्र मांगों को लेकर संघर्ष जारी रहेगा
SFI नेताओं ने स्पष्ट किया कि JMC में दाखिला शुरू होना छात्र आंदोलन की बड़ी जीत है, लेकिन संगठन का आंदोलन अभी समाप्त नहीं हुआ है। SFI ने कहा कि आगे भी रामपुर कॉलेज से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर छात्रों को लामबंद कर संघर्ष जारी रखा जाएगा।
संगठन की प्रमुख मांगों में MSc Physics और Computer Science विषयों को बहाल करवाना, कॉलेज में शिक्षकों के रिक्त पद भरना, छात्रों के लिए बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध करवाना, बसों का समय पर संचालन तथा बंद पड़े बस रूटों को बहाल करवाना शामिल है।
राहुल विद्यार्थी, मोनिका और मुकेश ने कहा कि SFI छात्रों के अधिकारों और बेहतर शिक्षा के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी। उन्होंने कहा कि JMC में दाखिला शुरू होने से यह साबित हुआ है कि छात्र एकजुट होकर अपनी जायज मांगों के लिए संघर्ष करें तो उनकी आवाज को अनदेखा नहीं किया जा सकता। SFI रामपुर इकाई ने JMC में दाखिला शुरू होने की जीत पर छात्र समुदाय को बधाई दी और जेल भरो आंदोलन में गिरफ्तारियां देने वाले छात्रों के संघर्ष को सलाम किया।
