एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
शिमला शहर के सरकारी और निजी स्कूलों में विद्यार्थियों की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से शनिवार को बचत भवन में उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्कूल परिसरों की सुरक्षा, संभावित खतरों की रोकथाम, नियमित सुरक्षा जांच और आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में शिमला शहर के 28 सरकारी एवं निजी स्कूलों के प्रधानाचार्यों और प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया था। स्कूलों को बैठक में शामिल होने के लिए दो बार रिमाइंडर भी भेजे गए थे। इसके बावजूद कई निजी स्कूलों के प्रधानाचार्य स्वयं बैठक में उपस्थित नहीं हुए। कुछ स्कूलों की ओर से प्रधानाचार्यों के स्थान पर अन्य शिक्षकों को भेजा गया। इस पर उपायुक्त अनुपम कश्यप ने नाराजगी जताते हुए कहा कि बच्चों की सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषय पर स्कूल प्रबंधन की गंभीर और जिम्मेदार भागीदारी जरूरी है।
उपायुक्त ने निर्देश दिए कि प्रत्येक स्कूल प्रबंधन प्रतिदिन जिला पुलिस को प्रमाण पत्र देगा कि स्कूल परिसर की सुरक्षा जांच कर ली गई है और परिसर सुरक्षित है। स्कूल शुरू होने से पहले और बंद होने के बाद नियमित सुरक्षा जांच करना अनिवार्य होगा।
उन्होंने कहा कि भविष्य में किसी स्कूल से सुरक्षा संबंधी कोई सूचना या अफवाह सामने आती है तो पुलिस यह भी जांच करेगी कि संबंधित स्कूल प्रबंधन ने उस दिन का सुरक्षा प्रमाण पत्र जारी किया था या नहीं। स्कूलों में तैनात सुरक्षा कर्मियों की ड्यूटी की नियमित निगरानी करने के भी निर्देश दिए गए।
स्कूल सुरक्षा SOP का प्रभावी अनुपालन जरूरी
बैठक में जिला प्रशासन की ओर से तैयार स्कूल सुरक्षा एवं सुरक्षा खतरों से निपटने संबंधी मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के विभिन्न प्रावधानों पर चर्चा की गई। उपायुक्त ने सभी सरकारी, निजी, सरकारी सहायता प्राप्त और आवासीय स्कूलों में SOP का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्कूल परिसरों में बाउंड्री वॉल या फेंसिंग, नियंत्रित प्रवेश एवं निकास, विजिटर रजिस्टर, सुरक्षा गार्ड और संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों की निगरानी सुनिश्चित करने को कहा। स्कूल स्टाफ, सुरक्षा कर्मियों, स्कूल बस चालकों, निर्माण कार्य में लगे श्रमिकों और अन्य बाहरी कर्मियों के आवश्यक सत्यापन पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। बैठक में स्कूल वाहनों एवं चालकों का सत्यापन, सीसीटीवी सिस्टम के लिए विद्युत बैकअप, संवेदनशील क्षेत्रों में आवश्यकता के अनुसार ड्रोन सर्विलांस, स्कूल परिसरों में चल रहे निर्माण कार्यों की निगरानी और श्रमिकों के सत्यापन सहित अन्य सुरक्षा उपायों पर चर्चा हुई।
उपायुक्त ने नियमित सुरक्षा निरीक्षण और मासिक सुरक्षा ऑडिट की व्यवस्था प्रभावी बनाने के साथ प्रत्येक स्कूल में सुरक्षा संबंधी जिम्मेदारियों के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्कूल सुरक्षा समितियों को भी सक्रिय रखने को कहा।
स्कूल के ऊपर ड्रोन दिखे तो तुरंत पुलिस को दें सूचना
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गौरव जीत सिंह ने कहा कि किसी संदिग्ध व्यक्ति, वाहन या वस्तु की जानकारी मिलने पर स्कूल प्रबंधन स्वयं जोखिम उठाने के बजाय तत्काल पुलिस और प्रशासन को सूचित करे। उन्होंने विशेष रूप से निर्देश दिए कि स्कूल परिसर के ऊपर कोई ड्रोन उड़ता दिखाई दे तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी जाए। उन्होंने स्कूल में प्रवेश करने वाले प्रत्येक व्यक्ति की जांच सुरक्षा कर्मियों के माध्यम से सुनिश्चित करने तथा संदिग्ध गतिविधि सामने आने पर तत्काल कार्रवाई करने पर जोर दिया।
उपायुक्त अनुपम कश्यप ने कहा कि किसी भी संभावित सुरक्षा खतरे को हल्के में नहीं लिया जाना चाहिए। विश्वसनीय सूचना मिलने पर तत्काल निवारक और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक में ये स्कूल किए गए थे आमंत्रित
बैठक में लोरेटो कॉन्वेंट तारा हॉल, कॉन्वेंट ऑफ जीसस एंड मैरी नवबहार, सेक्रेड हार्ट कॉन्वेंट ढल्ली, जेसीबी सीनियर सेकेंडरी स्कूल सेक्टर-3 न्यू शिमला, सेंट एडवर्ड्स स्कूल हिमलैंड, सरस्वती विद्या मंदिर हिम रश्मि परिसर विकासनगर, चैप्सली स्कूल, बिशप कॉटन स्कूल, डीएवी लक्कड़ बाजार, डीएवी न्यू शिमला, लॉरेट पब्लिक स्कूल भराड़ी, आइवी इंटरनेशनल स्कूल कमलानगर, सरस्वती पैराडाइज इंटरनेशनल स्कूल संजौली, सेंट थॉमस स्कूल आर्ट्रैक शिमला, मोनाल पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल संजौली, शिशु शिक्षा निकेतन टूटू, एसडी सीनियर सेकेंडरी स्कूल शिमला, क्रिसेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल टूटू, सरस्वती विद्या मंदिर विकासनगर, शिमला पब्लिक स्कूल खलीनी, दयानंद पब्लिक स्कूल द मॉल, संजय गांधी पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल न्यू शिमला, सिटी पब्लिक स्कूल कमला नगर, गंगा पब्लिक स्कूल खलीनी, ऑकलैंड हाउस स्कूल बॉयज, ऑकलैंड हाउस स्कूल गर्ल्स, माया पब्लिक स्कूल और डीएवी महात्मा आनंद स्वामी पब्लिक स्कूल टूटू को बैठक में आमंत्रित किया गया था।
बैठक में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (कानून एवं व्यवस्था) पंकज शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गौरव जीत सिंह, उप निदेशक उच्च शिक्षा लेखराज भारद्वाज, डॉ. सुभाष चंद, प्रधानाचार्य क्रिसेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल टूटू सहित विभिन्न स्कूलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
