एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि नशे के कारोबार से करोड़ों रुपये की अवैध संपत्ति अर्जित करने वालों को अब अपनी कमाई का हिसाब देना होगा। नशे की तस्करी से बनाई गई आलीशान कोठियां, होटल, दुकानें, जमीन और महंगी गाड़ियां अब कार्रवाई के दायरे में हैं। उन्होंने कहा कि नशा तस्करों की कमाई का हर रुपया अब जनता का होगा।
मुख्यमंत्री ने नशा तस्करों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करते हुए करीब 3.27 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त करने के लिए नूरपुर पुलिस की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार नशे के कारोबार के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ रही है और नशा तस्करी से अर्जित अवैध संपत्तियों को जब्त करने की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि नशे से अर्जित संपत्ति वास्तव में उन गरीब परिवारों की कीमत पर बनाई जाती है, जिनके बच्चे इस गंभीर सामाजिक बुराई की चपेट में आते हैं। नूरपुर में जब्त संपत्तियों में आलीशान कोठी, भूमि, होटल, दुकानें, वाहन और बैंक खाते शामिल हैं। यह कार्रवाई नशा माफिया के लिए स्पष्ट संदेश है कि हिमाचल प्रदेश में उनके लिए कोई स्थान नहीं है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की कार्रवाई केवल नशा तस्करों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है। सरकार का लक्ष्य नशे के पूरे नेटवर्क, उसकी आर्थिक व्यवस्था और उससे अर्जित अवैध संपत्ति को पूरी तरह ध्वस्त करना है। पुलिस और कानून प्रवर्तन एजेंसियों को इस दिशा में पूरी स्वतंत्रता दी गई है तथा राज्य सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पुलिस जिला नूरपुर में अब तक 17 मामलों में 29.95 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की जा चुकी है। यह कार्रवाई नशा माफिया के खिलाफ प्रदेश सरकार की सख्त नीति और पुलिस की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश देवभूमि है और इसे नशे की गिरफ्त में फंसाने के किसी भी प्रयास को सफल नहीं होने दिया जाएगा। प्रदेश के युवाओं के भविष्य की रक्षा के लिए नशे के कारोबार से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति और पूरे नेटवर्क के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनने के बाद पीआईटी-एनडीपीएस कानून लागू किया गया है, जिसके तहत आदतन नशा अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की गई है। ऐसे अपराधियों को सलाखों के पीछे भेजा गया है।
मुख्यमंत्री ने आम जनता से अपील की कि नशे के कारोबार से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी पुलिस के साथ साझा करें, ताकि समाज को इस गंभीर बुराई से मुक्त किया जा सके। उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर तक नशा माफिया की मैपिंग की गई है और नशे के कारोबार से जुड़े लोगों तथा उनके नेटवर्क के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने दोहराया कि प्रदेश सरकार नशे के खिलाफ अपनी लड़ाई पूरी प्रतिबद्धता के साथ जारी रखेगी।
