एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
रामपुर में शुक्रवार को युवा कांग्रेस की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता युवा कांग्रेस के अध्यक्ष राहुल सोनी ने की। इस दौरान नवनियुक्त युवा कांग्रेस के सभी जोन प्रभारियों को नियुक्ति पत्र सौंपे गए। बैठक में युवा कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और संगठन को मजबूत करने के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।
बैठक में युवा कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि रामपुर विधानसभा क्षेत्र में युवा कांग्रेस की नई टीम का गठन किया गया है। इस टीम के माध्यम से संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और युवाओं को पार्टी की गतिविधियों से जोड़ने के लिए कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नवनियुक्त जोन प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में संगठनात्मक गतिविधियों को सक्रिय बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
पदाधिकारियों ने कहा कि युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता पूरी मेहनत और समर्पण के साथ कांग्रेस पार्टी को मजबूत करने के लिए कार्य करेंगे। बैठक में संगठन के विस्तार, युवाओं की भागीदारी बढ़ाने और आगामी गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने को लेकर भी चर्चा की गई।
इस अवसर पर युवा कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष राहुल चौहान, जिला अध्यक्ष योगेश ठाकुर, प्रदेश महासचिव अंकुर शर्मा, जसवीर ठाकुर, जिला परिषद सदस्य अनुराधा, बीडीसी सदस्य संजीव, राकेश साहनी और साहिल मेहता सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक में संगठन को सक्रिय बनाने और युवा कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपकर संगठनात्मक कार्यों को गति देने पर जोर दिया गया।
