मंडी | साइबर ठगों ने कानून और पुलिस कार्रवाई का डर दिखाकर मंडी जिले के धर्मपुर क्षेत्र की एक महिला को करीब एक महीने तक अपने जाल में फंसाए रखा। फर्जी पुलिस अधिकारी बनकर वीडियो कॉल के जरिये महिला को कथित मामले में फंसाने की धमकी दी गई। इसके बाद ठगों ने उसकी जिंदगीभर की जमा पूंजी में से 15.50 लाख रुपये अपने बताए बैंक खातों में ट्रांसफर करवा लिए।
पीड़िता के अनुसार, 15 अगस्त को उसके पास एक महिला का फोन आया। कॉल करने वाली ने खुद को दिल्ली पुलिस से जुड़ा बताया और कहा कि आपके खिलाफ मामला दर्ज है। इसके बाद उसकी बातचीत कथित तौर पर एक पुलिस अधिकारी से करवाई गई। वीडियो कॉल के दौरान वर्दी पहने एक व्यक्ति को दिखाया गया। इससे महिला को यह विश्वास दिलाने की कोशिश की गई कि वह किसी गंभीर कानूनी मामले में फंस गई है। ठगों ने उसे डराने के साथ-साथ यह भी निर्देश दिया कि वह मामले की जानकारी अपने परिजनों या बैंक अधिकारियों को न दे।
👉 यह भी पढ़ें : Shimla News : सिम बंद होते ही बुजुर्ग के खाते से निकले 11.04 लाख, 33 UPI ट्रांजेक्शन से साइबर ठगी
आरबीआई जांच का झांसा देकर रकम करवाई ट्रांसफर
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि करीब एक महीने से अधिक समय तक उसे लगातार मानसिक दबाव में रखा गया। साइबर ठगों ने दावा किया कि उसके बैंक खातों और दस्तावेजों की आरबीआई के माध्यम से जांच चल रही है। भरोसा दिलाया कि दस्तावेजों की प्रक्रिया पूरी होने और उन्हें अदालत में जमा करने के बाद उसके खाते में पूरी रकम वापस कर दी जाएगी। इसी झांसे में आकर महिला ने दो बार ठगों के बताए खातों में रकम ट्रांसफर की। दोनों लेनदेन में कुल 15.50 लाख रुपये की ठगी हुई।बाद में महिला को ठगी का संदेह हुआ तो उसने पूरी घटना अपने परिवार को बताई। परिजनों ने उसे संभालने के बाद पुलिस से संपर्क किया।
👉 यह भी पढ़ें : Kangra News: 64 वर्षीय रिटायर्ड अधिकारी को एक माह रखा डिजिटल अरेस्ट, मनी लॉन्ड्रिंग का डर दिखाकर 33 लाख ठगे
साइबर थाना मंडी में केस दर्ज
शिकायत के आधार पर साइबर पुलिस थाना मंडी में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। अब मामले की आगे की जांच धर्मपुर पुलिस थाना प्रभारी एवं जांच अधिकारी की ओर से की जा रही है। पुलिस जांच में ठगी के लिए इस्तेमाल किए गए बैंक खातों, कॉल और वीडियो कॉल से जुड़े साक्ष्यों तथा रकम के लेनदेन की जानकारी जुटाई जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही आरोपियों और ठगी के पूरे नेटवर्क के बारे में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
👉 यह भी पढ़ें : Solan News: नालागढ़ में बुजुर्ग दंपती को 2 दिन रखा डिजिटल अरेस्ट, 72.10 लाख रुपये ठगे
