एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला | राजधानी शिमला में एक होटल कारोबारी के घर हुई करोड़ों रुपये की चोरी की जांच उत्तराखंड तक पहुंच गई है। मामले में उत्तराखंड आबकारी विभाग के एक उप आबकारी निरीक्षक समेत चार कर्मचारियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि चोरी का सामान लेकर जा रहे आरोपियों को रुद्रपुर में रोकने के बाद टीम ने बरामद माल का कुछ हिस्सा अपने पास रख लिया और बाकी सामान आरोपियों को देकर छोड़ दिया।
गिरफ्तार आरोपियों में देवेंद्र कुमार, उप आबकारी निरीक्षक, बलजीत सिंह, आबकारी विभाग का कांस्टेबल, पप्पू लाल, उपनल संविदा कर्मचारी और नईम, पीआरडी जवान निवासी उधमपुर शामिल हैं।
👉 यह भी पढ़ें : Shimla News: होटल कारोबारी के घर करोड़ों की चोरी, खाने में नशीला पदार्थ मिलाकर बेहोश करने का आरोप
रुद्रपुर में तलाशी के दौरान सामने आया मामला
प्रारंभिक जांच के अनुसार शिमला में चोरी के बाद आरोपी नेपाल जाने के लिए उत्तर प्रदेश के रामपुर से रुद्रपुर की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान उनकी गाड़ी को आबकारी विभाग की टीम ने जांच के लिए रोका। आरोप है कि तलाशी में चोरी का सामान मिलने के बाद टीम ने कथित तौर पर बरामद संपत्ति का करीब आधा हिस्सा अपने पास रख लिया और शेष सामान आरोपियों को देकर उन्हें जाने दिया। मामले की जांच आगे बढ़ने पर आबकारी विभाग से जुड़े चार कर्मचारियों की भूमिका सामने आई। उधर, शिमला पुलिस को जांच के दौरान यह भी पता चला कि चोरी में शामिल एक युवती ने नेपाल पहुंचने के बाद होटल कारोबारी को फोन कर वारदात की जानकारी दी थी।
शिमला और ऊधमसिंह नगर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
मामले की जांच में शिमला पुलिस ने तकनीकी और अन्य साक्ष्यों को खंगाला। इसके बाद ऊधमसिंह नगर पुलिस के साथ समन्वय कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। शिमला पुलिस के अनुसार चोरी की करीब 80 फीसदी संपत्ति बरामद की जा चुकी है। बरामद सामान में सोने के आभूषण समेत अन्य कीमती वस्तुएं शामिल हैं। पुलिस अब बाकी संपत्ति की बरामदगी और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
7 सितंबर की रात हुई थी वारदात
मामला 7 सितंबर की रात का है। कालीबाड़ी के पास होटल कारोबारी रेणु बालजीज के घर से करोड़ों रुपये के गहने, नकदी और अन्य कीमती सामान चोरी हुआ था। बताया गया है कि घटना से कुछ समय पहले एक नौकरानी वहां काम करने आई थी। अगले दिन 8 सितंबर को शिमला सदर थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। इसके बाद पुलिस ने संदिग्धों की पहचान के लिए तकनीकी साक्ष्यों सहित अन्य पहलुओं पर जांच शुरू की। एएसपी मेहर पंवार ने बताया कि चोरी के मामले में उत्तराखंड से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और चोरी किए गए अधिकांश आभूषण बरामद कर लिए गए हैं।

1 Comment
Pingback: Shimla News : चिट्टा तस्करों पर शिमला पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 19 आरोपियों की 4.13 करोड़ की संपत्ति जब्त