एआरबी टाइम्स ब्यूरो, कुल्लू | कुल्लू जिले के आनी उपमंडल में सोमवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में एक ही गांव के चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया। हादसा हरिपुर-नागन क्षेत्र में एनएच-305 पर सोमवार देर रात करीब 3:30 बजे हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कार में पांच लोग सवार थे और वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। गहरी खाई में कार गिरने के कारण राहत एवं बचाव दल को लोगों तक पहुंचने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। कई घंटे तक चले सर्च एवं रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद मृतकों और घायल को बाहर निकाला गया।
आनी के जाबो गांव के रहने वाले थे मरने वाले चारों लोग
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान राहुल राणा, बालकृष्ण, विवेक राणा और गुंजन के रूप में हुई है। चारों मृतक आनी उपमंडल के जाबो गांव के रहने वाले बताए गए हैं। एक ही गांव के चार लोगों की मौत की खबर मिलते ही जाबो गांव में शोक की लहर दौड़ गई। दुर्घटना में घायल सुरेश कुमार को प्राथमिक उपचार के बाद रामपुर अस्पताल रेफर किया गया।
शादी समारोह से लौटते समय हुआ हादसा
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक कार सवार सभी लोग कुमारसैन के बड़ागांव में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने के बाद वापस लौट रहे थे। इसी दौरान हरिपुर-नागन के पास एनएच-305 पर कार सड़क से नीचे खाई में जा गिरी। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वाहन किस वजह से अनियंत्रित हुआ। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस जांच के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह और अन्य परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी। हादसे की जानकारी मिलने के बाद आनी के विधायक लोकेंद्र कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने राहत एवं बचाव अभियान का जायजा लिया और अधिकारियों से हादसे की जानकारी ली।
